Jaipur: प्रदेश की करीब 250 बार एसोसिएशन (Rajasthan Bar Association) में आज एक साथ चुनाव होंगे। तहसील से लेकर हाई कोर्ट स्तर की बार एसोसिएशन के लिए आज वोटिंग होगी। इन बार एसोसिएशन से करीब 1 लाख 4 हज़ार अधिवक्ता जुड़े हुए हैं। वहीं शनिवार को सभी जगह एक साथ काउंटिंग भी होगी। 'वन वोट वन बार' के नियम के तहत यह चुनाव करवाए जा रहे हैं। राजस्थान हाई कोर्ट ने दिसम्बर के दूसरे सप्ताह के शुक्रवार को वोटिंग कराना तय किया था। इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट ने भी यथावत रखा था। जिसके बाद आज यह चुनाव होने जा रहे हैं।
हाई कोर्ट बार में 9 बजे से शुरू होगी वोटिंग
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर में सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू होगी। जो शाम 5 बजे तक चलेगी। यहां करीब 4,660 वोटर हैं। जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव अधिकारी राजेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि हाई कोर्ट बार के चुनावों को लेकर पूरे परिसर को सीसीटीवी सर्विलांस पर रखा गया हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता के लिए पहली बार मतदान हॉल की लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी। जिसे हाई कोर्ट परिसर में लगी बड़ी स्क्रीन पर लोग देख सकेंगे। हाई कोर्ट बार के लिए अध्यक्ष पद पर 5, महासचिव के पद के लिए 8, उपाध्यक्ष के लिए 5, संयुक्त सचिव के लिए 4, कोषाध्यक्ष,सांस्कृतिक सचिव, लाइब्रेरी सैकेट्री और ज्वाइंट लाइब्रेरी सैकेट्री के लिए 2-2 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों के 8 पदों के लिए 19 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
पंजाब के बाद राजस्थान होगा दूसरा राज्य
अभी तक प्रदेश की सभी बार एसोसिएशन (Rajasthan Bar Association) में अलग-अलग दिन चुनाव होते थे। जिसमें वन वोट वन बार के नियम की पालना नहीं हो रही थी। वहीं अधिकतर बार एसोसिएशन में कार्यकाल खत्म होने के बाद भी समय पर चुनाव नहीं कराए जा रहे थे। इसी तरह की अन्य शिकायतों को लेकर लगी कुछ याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए हाई कोर्ट ने 24 अगस्त 2023 को सभी बार एसोसिएशन में एक साथ चुनाव कराने के आदेश जारी किए थे। हाई कोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने भी मुहर लगाई थी। जिसके बाद आज यह चुनाव होने जा रहे हैं। राजस्थान से पहले पंजाब एक मात्र ऐसा राज्य हैं। जहां एक ही दिन में सभी बार एसोसिएशन के चुनाव होते हैं। लेकिन आज राजस्थान देश का दूसरा राज्य बन गया हैं। जहां एक दिन, एक साथ सभी बार एसोसिएशन में वोटिंग हो रही हैं।
देश की सबसे बड़ी बार में घटे वोटर
जयपुर सैशन कोर्ट की दी बार एसोसिएशन (Rajasthan Bar Association) जयपुर को उसके सदस्यों के चलते देश की सबसे बड़ी बार कहा जाता हैं। लेकिन इस बार 'वन वोट वन बार' के नियम के चलते यहां भी वोटर्स की संख्या घट गई हैं। दरअसल इस बार हर वोटर से जिस भी बार में वह वोट करना चाहता है। उसे लेकर एक शपथ पत्र लिया गया हैं। वहीं एक ही दिन में चुनाव होने से एक अधिवक्ता एक ही बार में वोट कर सकेगा। जयपुर में ही एक दर्जन से ज्यादा बार एसोसिएशन हैं। यहां वोटर्स बंट गए। जिसके कारण इस बार दी बार एसोसिएशन जयपुर में 5374 वोटर्स ही रजिस्टर्ड हुए हैं।
12 पदों के लिए 41 प्रत्याशी चुनावी मैदान में
यहां चुनाव अधिकारी योगेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि बार में अध्यक्ष पद पर 8, महासचिव के पद के लिए 9, उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए 8, संयुक्त सचिव के लिए 8, कोषाध्यक्ष के लिए 4, उप कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक सचिव और लाइब्रेरी सैकेट्री के पद के लिए 5-5 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं कार्यकारिणी के 12 पदों के लिए 41 प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।