Jaipur: राजस्थान में विधानसभा चुनाव (Rajasthan Election 2023) के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो चुका है. इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। साथ ही राजस्थान में राज बदलेगा या रिवाज को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में इस बार कांग्रेस की सरकार रिपीट होगी, क्योंकि जब केरल में 70 साल बाद रिवाज बदल सकता है तो राजस्थान में भी बदल सकता है।
क्या बोले सीएम गहलोत?
दरअसल, पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस बार राज बदलेगा या रिवाज के सवाल पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि, केरल में 70 साल से कांग्रेस और सीपीआई(एम) बारी-बारी से सत्ता में आती थी, लेकिन इस बार सीपीआई (एम) की सरकार दोबारा बनी, क्योंकि उन्होंने अच्छा काम किया। ऐसे ही लोग समझते हैं कि, कोविड के दौरान हमने अद्भुत काम किया। हमारे भीलवाड़ा मॉडल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हुई। अगर हम देखें लोगों के मूड से तो यह समझ आता है कि, उन्हें हमारा शासन और योजनाएं पसंद आई हैं।
सीएम ने की लोगों से ये अपील
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत (Rajasthan Election 2023) ने आगे कहा, मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि, हमने राज्य के हित के अनुरूप जो कल्याणकारी योजनाएं शुरू की थीं, हम उन योजनाओं को तभी मजबूत कर सकते हैं जब आप हमारी सरकार दोबारा बनाएंगे। वहीं अगर बीजेपी सत्ता में आई तो उन योजनाओं को बंद कर दिया जाएगा। हम अपनी मौजूदा योजनाओं को मजबूत करना चाहते हैं और इस बार दी गई गारंटी को पूरा करना चाहते हैं।
पीएम मोदी पर बोला हमला
वहीं राजस्थान चुनाव गहलोत बनाम पीएम मोदी (Rajasthan Election 2023) के सवाल पर सीएम अशोक गहलोत ने कहा, एक समय हुआ करता था जब एक प्रधानमंत्री एक राज्य में 2-3 बैठकें करता था और संदेश गांवों तक पहुंचता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री को 30 बैठकें करनी हैं। उन्होंने अपने भाषणों के दौरान मुझ पर हमला किया क्योंकि उन्हें इस बात का दुख है कि बीजेपी राजस्थान में सरकार नहीं गिरा सके।