Jaipur: भजनलाल शर्मा 14वें मुख्यमंत्री (Bhajanlal Sharma) के तौर पर 15 दिसंबर को शपथ लेंगे। इसके लिए आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीटिंग हुई। जिसमें मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलावा प्रदेश भाजपा के बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11.15 बजे अल्बर्ट हॉल के बाहर होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा जा रहा है। इसी दिन दोनों उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे।
भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में किए सांगा बाबा के दर्शन
इससे पहले आज सुबह भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में सांगा बाबा मंदिर के दर्शन किए। यहां से वे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। वहीं, मनोनीत डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दिन की शुरुआत जयपुर के आराध्य गोविंददेव के यहां धोक लगाकर की। उन्होंने जयपुर के कई प्रसिद्ध मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की।जयपुर में इस जगह पर किया गया शिफ्ट
आज सुबह मनोनीत मुख्यमंत्री भजनलाल (Bhajanlal Sharma) को परिवार सहित जयपुर में चंबल पावर के गेस्ट हाउस में शिफ्ट किया गया। अब नई सरकार के स्वरुप पर चर्चाएं चल रही हैं। वहीं, विधायकों ने मंत्री बनने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल का शुरुआती स्वरुप कैसा होगा, इसको लेकर अलग-अलग कयास हैं।नई सरकार को लेकर बड़ी अपडेट्स...
- डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान में महिला अपराध बहुत बड़ा मुद्दा रहा है। प्रदेश में जहां भी ऐसी घटना हुई है वहां भाजपा की टीम पहुंची है। पीड़ित या पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए भाजपा की टीम ने पूरा प्रयास किया है। कांग्रेस की सरकार गहरी नींद में सो रही थी। भाजपा के संकल्प पत्र में भी यह स्पष्ट है कि महिला अपराध बिल्कुल भी सहा नहीं जाएगा।- शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीटिंग हुई। यहां समारोह को लेकर अलग-अलग नेताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। अल्बर्ट हॉल के बाहर होने वाले समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।