Jaipur: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में 7200 करोड़ की विकास परियोजनाओं (Rajasthan Election 2023) की सौगात दी। इसके बाद उन्होंने एक रैली को संबोधित भी किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला।
'कांग्रेस का हर नेता खुद को सरकार मान बैठा है'
पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान ने आह्वान कर दिया है कि राजस्थान को बचाएंगे, भाजपा सरकार लाएंगे। उन्होंने कहा कि हर भ्रष्टाचारी, गुंडा, दंगाई, अत्याचारी और कांग्रेस का हर नेता खुद को राजस्थान की सरकार मान बैठा है।
'भाजपा आएगी, पत्थरबाजी रुकवायेगी'
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान बड़े विश्वास और भरोसे (Rajasthan Election 2023) से कह रहा है - भाजपा आएगी, गुंडागर्दी जाएगी। भाजपा आएगी, दंगे रुकवायेगी। भाजपा आएगी, पत्थरबाजी रुकवायेगी। भाजपा आएगी, बेईमानी रुकवायेगी। भाजपा आएगी, महिला सुरक्षा लाएगी। भाजपा आएगी, रोजगार लाएगी। भाजपा आएगी, समृद्ध राजस्थान बनाएगी।
पीएम मोदी ने अशोक गहलोत का किया धन्यवाद
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता का संदेश कांग्रेस के नेताओं तक पहुंच चुका है। यहां मुख्यमंत्री गहलोत जी को भी पता है कि कांग्रेस सरकार की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। आजकल गहलोत जी आग्रह कर रहे हैं कि भाजपा सरकार बनने के बाद उनकी योजनाओं को बंद न किया जाए। पहले तो भाजपा सरकार बनने की बात स्वीकार करने के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।
'भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ जरूर होगी कार्रवाई'
पीएम मोदी ने कहा कि मैं राजस्थान की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा सरकार बनने के बाद जनहित की किसी योजना को हम रोकेंगे नहीं, बल्कि उसको अच्छा और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे। ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि जिस-जिस ने यहां भ्रष्टाचार किया है, गरीबों के पैसे लुटे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी। यह भी मोदी की गारंटी है।
उदयपुर में टेलर की हत्या का किया जिक्र
पीएम मोदी ने उदयपुर में टेलर की हत्या का जिक्र कर राजस्थान (Rajasthan Election 2023) की कानून और व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस सरकार जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसको हटाना बहुत जरूरी है। जो उदयपुर में हुआ, क्या उसकी आपने कल्पना भी की थी! जिस राजस्थान ने दुश्मन पर भी धोखे से वार न करने की परंपरा को जीया है, उस राजस्थान की धरती पर कपड़े सिलाने के बहाने लोग आते हैं और बिना डर एवं खौफ के टेलर का गला काट देते हैं।
पीएम मोदी ने भाजपा के चेहरे का किया खुलासा
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भाजपा का एक ही चेहरा होगा। वह है- कमल का फूल। भाजपा कमल के फूल को आगे कर चुनाव लड़ेगी।
महिला आरक्षण का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन के नेता महिलाओं को लेकर कैसी-कैसी अपमानजनक बातें कर रहे हैं, ये आए दिन हम देख रहे हैं। वे नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका हक मिले, इसलिए बहाने बना रहे हैं, जाति-धर्म के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं।
'स्वच्छता अभियान को जनांदोलन बनाने के लिए देशवासियों का आभार'
उससे पहले, पीएम मोदी ने विकास परियोजनाओं (Rajasthan Election 2023) की सौगात देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सबके प्रेरणास्रोत पूज्य बापू और लाल बहादुर शास्त्री जी की जन्मजयंती है। कल 1 अक्टूबर को राजस्थान सहित पूरे देश ने स्वच्छता को लेकर एक बहुत बड़ा कार्यक्रम किया। मैं स्वच्छता अभियान को जनांदोलन बना देने के लिए सभी देशवासियों के आभार व्यक्त करता हूं।