Jaipur: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज राजस्थान (Rajasthan Election 2023) की राजधानी जयपुर के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, धार्मिक आधार पर आरक्षण असंवैधानिक है और ऐसा नहीं किया जा सकता। अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करता है तो बीजेपी इसका कड़ा विरोध करेगी। जवाब में और बात जोड़ते हुए उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा, 'वास्तव में, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अल्पसंख्यक कोटा के बारे में नहीं बोलना चाहिए, क्योंकि वे ये चुनाव नहीं जीत रहे हैं।'
अमित शाह ने राजस्थान में बीजेपी को लेकर किया बड़ा दावा
अमित शाह ने दावा किया कि राजस्थान में अगली सरकार बीजेपी की बनेगी, क्योंकि भगवा पार्टी राज्य में प्रचंड जीत दर्ज करेगी। अमित शाह गुरुवार को जयपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। सचिन पायलट के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को सही ठहराते हुए शाह ने कहा कि अशोक गहलोत को सचिन पायलट के बारे में दो अच्छे वाक्य बोलने चाहिए, उनसे मेरा यही अनुरोध है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले कहा था कि कांग्रेस के एक परिवार ने राजेश पायलट के साथ-साथ उनके बेटे को भी सजा दी है।
'महिलाओं के खिलाफ बढ़े अपराध'
वहीं अमित शाह ने राजस्थान में कानून-व्यवस्था (Rajasthan Election 2023) की स्थिति पर भी बात की और कहा, ''महिलाओं के खिलाफ अपराध के 2 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। राजस्थान में पिछले पांच साल में हर दिन महिलाओं के खिलाफ अपराध के 19 मामले सामने आए हैं। यह देश में रेप के 22 प्रतिशत मामलों के लिए जिम्मेदार है। फिर भी अशोक गहलोत सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। महिलाएं अशोक गहलोत के खिलाफ एकजुट नजर आ रही हैं और नरेंद्र मोदी के साथ हैं।''
भ्रष्टाचार को लेकर घेरा
अमित शाह ने आगे कहा, "आजाद भारत के पूरे इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि सचिवालय की अलमारी में 2.35 करोड़ रुपये नकद और एक किलो सोना मिला हो, लेकिन हालात की जानकारी के बाद अशोक गहलोत के चेहरे पर कोई भाव नहीं आया। किसी ने भी भ्रष्टाचार के प्रति इतना ठंडा रवैया नहीं देखा है। अवैध खनन के कारण एक महंत को आत्महत्या करनी पड़ी, लेकिन खनन नहीं रुका. यहां कई घोटाले सामने आए हैं।"
'पांच फीसदी किसानों का भी माफ नहीं हुआ कर्जा'
कांग्रेस द्वारा किए गए किसान कर्ज माफी के वादों पर बोलते हुए उन्होंने कहा, ''राजस्थान में 19,000 से ज्यादा किसानों की जमीन नीलाम कर दी गई। किसानों से कर्जमाफी का वादा करके आई गहलोत सरकार पांच साल में पांच फीसदी किसानों का भी कर्ज माफ नहीं कर पाई। गहलोत सरकार के खिलाफ किसान एकजुट होकर बीजेपी के साथ खड़े हैं, क्योंकि यहां दर्जनों किसानों ने आत्महत्या की है।”
'जादूगर ने गायब कर दीं नौकरियां'
उन्होंने गहलोत की 'जादूगर' छवि पर तंज कसते (Rajasthan Election 2023) हुए कहा, ''जब राजस्थान में चुनाव शुरू हुआ तो मुझसे कहा गया कि सोच-समझकर रणनीति बनाओ, क्योंकि गहलोत साहब जादूगर हैं। लेकिन पूरा दौरा करने के बाद मुझे पता चला कि कई चीजें गायब हो गई हैं, ये हैं नौकरियां, कानून-व्यवस्था और खाने-पीने की चीजें, लेकिन अब जनता ने इन्हें गायब करने का मन बना लिया है।