Jaipur: पेपरलीक (Paper Leak Case) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम कांग्रेस के सीनियर नेताओं के करीबियों के घर और ऑफिस पर छापेमारी कर रही है। शुक्रवार सुबह टीम जयपुर, जोधपुर और डूंगरपुर में करीब 9 जगहों पर पहुंची। ये सभी घर और ऑफिस दिनेश खोडानिया, स्पर्धा चौधरी और अशोक जैन के हैं। स्पर्धा चौधरी पेपरलीक में फरार सुरेश ढाका की महिला मित्र है। वहीं, अशोक जैन भी एक कांग्रेस नेता का करीबी है।
RPSC के इन सदस्यों को रिमांड पर लिया गया था
ईडी के सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक में शामिल आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा और मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण को ईडी ने पिछले दिनों रिमांड पर लिया था। बाबूलाल ने पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की जानकारी ईडी को दी थी। बाबूलाल कटारा से हुई पूछताछ के बाद ईडी ने भूपेंद्र सारण को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। भूपेंद्र सारण से भी क्रोस पूछताछ की गई थी।
दिल्ली और गुजरात की टीम जयपुर में कर रही छापेमारी
दरअसल, बाबूलाल कटारा और भूपेंद्र सारण (Paper Leak Case) जानते हैं कि और कौन लोग पर्दे के पीछे थे। रिमांड के दौरान दोनों से मिली जानकारी को दिल्ली ईडी कार्यालय में भिजवाया गया। एक गोपनीय दल ने दिनेश खोडानिया, अशोक जैन और स्पर्धा चौधरी की पिछले 7 दिन तक जांच की। जांच में इनके बैंक डिटेल, बैक ग्राउंड, कॉनटैक्ट,आगामी विधानसभा चुनाव में इनकी भूमिका की जांच की गई। इसके अलावा सिविल लाइन में कई वरिष्ठ नेताओं के सम्पर्क की जानकारी ईडी को मिली। इस पर दिल्ली और गुजरात की टीम को जयपुर में छापेमारी के लिए भेजा गया।
ईडी के अधिकारी दिनेश खोडानिया और अशोक जैन को दे सकते हैं नोटिस
ईडी को सर्च के दौरान सबूत मिलने पर सभी को ईडी (Paper Leak Case) मुख्यालय में आने के नोटिस दिए जा सकते हैं। नोटिस के बाद ईडी मुख्यालय में आकर ईडी के सवालों के जवाब देने होंगे। इनके पास कटारा और सारण से मिले कई सबूत मौजूद हैं। इससे साबित होता है कि पेपर लीक मामले में कई और लोग भी हैं। जो पर्दे से पीछे थे। राजस्थान पुलिस ने उन्हें पकड़ा नहीं।