Jaipur: विधानसभा चुनाव के नतीजों (Premchand Bairwa) के करीब 10 दिन बाद प्रदेश को नया मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री मिल गए हैं। भाजपा ने सांगानेर विधायक भजन लाल शर्मा को सीएम बनाया है, जबकि विद्याधर नगर विधायक दीया कुमारी और दूदू विधायक प्रेमचंद बैरवा को उप मुख्यमंत्री बनाया है। खुद को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि एक साधारण से कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने का काम केवल भाजपा में ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुझे तो मेरे टिकट का भी पता नहीं था, लेकिन अब मुझे डिप्टी सीएम बना दिया। यह चौंकाने वाला फैसला पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है।
डिप्टी सीएम के लिए मेरा नाम अनाउंस होगा, मुझे नहीं पता था
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी ही है, जिस साधारण कार्यकर्ता को यह भी पता नहीं होता कि उसे क्या दायित्व मिलेगा, उसे इतना बड़ा पद दे सकती है। बीजेपी ही है जो गरीब तबके को भी ऊपर तक उठाती है। मुझे यह दायित्व देने पर मैं भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का बहुत-बहुत आभारी हूं। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम पर मेरा नाम अनाउंस होगा, इसका मुझे बिल्कुल भी पता नहीं था। मुझे तो मेरे टिकट का भी पता नहीं था। इस दायित्व का भी मुझे पता नहीं था, लेकिन यह चौंकाने वाला काम केवल पीएम नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं और भारतीय जनता पार्टी कर सकती है।
जीतने के बाद सभी से मिला, सभी हमारे वरिष्ठ हैं
चुनाव जीतने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलने के सवाल (Premchand Bairwa) पर उन्होंने कहा कि यह मीडिया की बातें हैं। हम सभी से मिलते हैं, सभी हमारे वरिष्ठ हैं। सभी से मिलने का हमारा काम है। सभी वरिष्ठ नेताओं से मिलना चाहिए। उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन भी लेना चाहिए। बता दें कि प्रेमचंद बैरवा को वसुंधरा गुट का माना जाता है। चुनाव जीतने के अगले दिन वह उन विधायकों में शामिल थे, जो वसुंधरा राजे के आवास पर मिलने के लिए पहुंचे थे।
सीएम भजनलाल शर्मा को संगठन में काम करने का अनुभव
पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि भजनलाल शर्मा को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है और जो संगठन में काम करते हैं, उनकी मॉनिटरिंग केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व सीधे तौर पर करता है। भजनलाल शर्मा को उनके अनुभव के आधार पर यह दायित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे कई वरिष्ठ विधायक हैं, जो 5 से 7वीं बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन सभी का मार्गदर्शन लेकर हम काम करेंगे।
दलितों को मुख्य धारा में जोड़ने के लिए काम करूंगा
पहली प्राथमिकता और मंत्रालय को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा (Premchand Bairwa) ने कहा कि मुझे जो भी दायित्व दिया जाएगा, उसे पूरी ईमानदारी से करुंगा। राजस्थान का भला किस तरह से हो, इस पर काम करूंगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान देश का पहला राज्य है, जहां पर दलित और महिला अत्याचार बढ़े हैं। निश्चित रूप से हम उन पर फोकस रखेंगे। दलितों को किस तरह मुख्यधारा में जोड़ा जाए, उस पर काम करेंगे।