Jaipur: राजस्थान में सर्दी का उतार-चढ़ाव जारी है। हिल स्टेशन माउंट आबू (Rajasthan Weather Update) में आज फिर से बर्फ जमा देने वाली सर्दी रही। अजमेर, जोधपुर में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। इधर, जोधपुर, जालोर, पाली, भरतपुर में सुबह कोहरा रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में अगले 4-5 दिन तापमान में इसी तरह का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
इन जिलों में रहा कम तापमान
राज्य के चूरू, गंगानगर, सीकर, फतेहपुर, पिलानी में भी रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। चूरू में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.6 पर आ गया, जो गुरुवार (7 दिसंबर) से भी कम रहा। सीकर के फतेहपुर में तापमान में आज मामूली गिरावट हुई। झुंझुनूं के पिलानी में तापमान 8, सीकर शहर में 6 और बीकानेर में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जयपुर में सर्दी से थोड़ी राहत
जयपुर में आज सर्दी से लोगों को मामूली राहत मिली। यहां न्यूनतम तापमान गुरुवार के मुकाबले आज एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 12.5 पर पहुंच गया। जयपुर के ग्रामीण इलाकों में मौसम साफ रहा।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान में 11 दिसंबर तक तापमान (Rajasthan Weather Update) में इसी तरह का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 11 दिसंबर से उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के एरिया में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिससे सर्द हवा आनी रुक जाएगी और तापमान फिर से बढ़ने लगेंगे। 15 दिसंबर तक इस सिस्टम का असर पहाड़ों पर रहेगा। इस सिस्टम के आगे निकलने के बाद 16 दिसंबर से राजस्थान में फिर से सर्द हवा आने लगेगी और पारा एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा, जिससे सर्दी तेज होगी।