Jaipur: कांग्रेस की सुप्रीम बॉडी कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का गठन कर दिया गया है। कांग्रेस की सुप्रीम बॉडी में राजस्थान से सचिन पायलट सहित पांच नेताओं को जगह दी गई है। सचिन पायलट को जुलाई 2020 के बाद अब पद दिया है। राजस्थान से एक मात्र मंत्री महेंद्रजीत मालवीय को मेंबर बनाया है।
इन नेताओं को मिली जगह
राजस्थान से CWC मेंबर बनने वाले नेताओं में पायलट और मालवीय के साथ भंवर जितेंद्र सिंह, पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी, वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश और अभिषेक मनु सिंघवी शामिल हैं। मोहन प्रकाश को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया है। हरीश चौधरी को पंजाब प्रभारी के तौर पर शामिल किया है। राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी सीडब्ल्यूसी में है।
सीएम गहलोत समेत इन लोगों को नहीं मिली जगह
सीडब्ल्यूसी में सीएम अशोक गहलोत को जगह नहीं दी गई है। कांग्रेस राज वाले किसी सीएम को सीडब्ल्यूसी में नहीं लिया गया है। सीडब्ल्यूसी के मेंबर रहे रघुवीर मीणा को इस बार जगह नहीं मिली है। रघुवीर मीणा की जगह आदिवासी बेल्ट से जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत मालवीय को सीडब्ल्यूसी में लिया गया है। मालवीय को आदिवासी बेल्ट में जनाधार वाला नेता माना जाता है।
पायलट को 3 साल बाद मिला संगठन में पद
सचिन पायलट को तीन साल से ज्यादा समय बाद संगठन में पद दिया गया है। पायलट को जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उन्हें लेकर चल रहे कयासों पर विराम लग गया है। पहले उनके कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाने और राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने की चर्चाएं थीं। पायलट को कांग्रेस की सुप्रीम बॉडी में लेकर हाईकमान ने उन्हें अहमियत देने का भी मैसेज दे दिया है। विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पायलट को जिम्मेदारी दी गई है।