Jaipur: अलवर जिले की तिजारा सीट से जीत दर्ज करने के बाद भाजपा (Rajasthan News) के फायरब्रांड नेता बाबा बालकनाथ रविवार देर रात 12 बजे भिवाड़ी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बाबा बालकनाथ ने पुलिस व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अब इलाके में चोरी-चकारी, लूट-डकैती बंद हो जाना चाहिए, प्रशासन अपने सूत्र दौड़ाए और अपराधियों को मैसेज दे दें।
बाबा बालकनाथ का भिवाड़ी में जमकर किया गया स्वागत
बाबा बालकनाथ के भिवाड़ी पहुंचने की सूचना पर उनके स्वागत के लिए लोग देर रात तक सोसाइटी और सड़कों पर डंटे रहे। जिंदाबाद के नारों के साथ जमकर आतिशबाजी की गई। दूसरी तरफ इमरान खान ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर हार स्वीकार करते हुए कार्यकर्ताओं को धैर्य बनाए रखने की अपील की। महंत बाबा बालकनाथ ने भिवाड़ी में लोगों से बात की और प्रशासन को चेतावनी दी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही ये बात
भिवाड़ी में बाबा बालकनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित (Rajasthan News) करते हुए कहा- यह जीत आपकी है। इसका श्रेय सभी कार्यकर्ताओं क्षेत्र की माता-बहनों और जनता को जाता है। यह जीत कानून व्यवस्था, सनातन धर्म की रक्षा और जन समस्याओं को दूर करने के लिए हुई है।
अपराधी अब सीमा से बाहर चले जाएं
उन्होंने कानून व्यवस्था पर बात करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी। कहा- आज से ही पुलिस प्रशासन कान खोल कर सुन ले। तिजारा और भिवाड़ी क्षेत्र में आज के बाद अगर कोई चोरी लूट डकैती या अन्य वारदात हुई तो इसके लिए प्रशासन की पूरी जवाबदेही होगी। पुलिस के लोगों को सब कुछ पता रहता है कि किसने चोरी की है, कौन चोर है। पुलिस अपने सूत्र दौड़ाए, अपने मुखबिर तंत्र का सहारा ले और बदमाशों तक संदेश पहुंचा दे कि अब उनकी तिजारा क्षेत्र में कोई जगह नहीं है। तिजारा और राजस्थान की सीमा से अपराधी बाहर चले जाएं वरना आज के बाद उन पर बुलडोजर चलना शुरू हो जाएगा।
सीएम योगी से की जाती हैं बाबा बालकनाथ की तुलना
उन्होंने अधिकारियों के ढिलाई बरतने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा- आपराधिक प्रवृत्ति के लोग मेरे अपने ही क्यों न हों, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। महंत बालकनाथ की तुलना यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से की जाती है। वे राजस्थान में सीएम फेस की रेस में शामिल हैं।
सीएम फेस पर क्या बोले बालकनाथ?
मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर महंत बाबा बालकनाथ (Rajasthan News) ने कहा- राजस्थान में सीएम फेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तय करेंगे। वे जिसको मुख्यमंत्री बनाएंगे वही राज्य के लोगों की सेवा करेगा। मैं तिजारा के लोगों की सेवा करने के लिए आया हूं और मुझे सिर्फ तिजारा के लोगों की ही सेवा करनी है। हिंदू बेल्ट हो या फिर मुस्लिम बेल्ट सभी जगह समान रूप से विकास करेंगे।