बुधवार को हो सकती है विधायक दल की बैठक
विधायकों को बैठक की तिथि फिलहाल नहीं मिली पहले माना जा रहा था कि भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार तक बुला ली जाएगी। लेकिन अब इसमें विलंब बताया जा रहा है। पार्टी ने अपने विधायकों को तैयार रहने के लिए तो कहा है लेकिन विधायक दल की बैठक की तिथि फिलहाल नहीं दी गई है। इधर, मुख्यमंत्री पद के लिए अब तक 9-10 चेहरे चर्चाओं में आ चुके हैं लेकिन खुलासा विधायक दल की बैठक में होगा।
इन पदों के जरिए साधे जाएंगे जातिगत समीकरण
पार्टी सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव (Rajasthan CM) के मद्देनजर सीएम के बाद विधानसभा अध्यक्ष, डिप्टी सीएम और गृह मंत्री के चयन में बड़े वर्गों व समाजों को साधने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में विलंब क्यों, ये 3 बड़े कारण...
1. लोकसभा चुनाव : भाजपा विधानसभा चुनाव के साथ ही लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रणनीति पर काम करती आई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार तीनों राज्यों में चेहरों का चयन इसी आधार पर किया जा रहा है। भाजपा मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया में प्रमुख तौर पर लोकसभा चुनाव के ही समीकरणों को ध्यान में रख रही है।
2. जातिगत समीकरण : छत्तीसगढ़ में भाजपा आदिवासी चेहरा सामने लाई है। इसके जरिए पार्टी का लक्ष्य छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में आदिवासी वर्ग को साधना है। राजस्थान में पार्टी सूत्रों का मानना है कि अब मध्यप्रदेश में ओबीसी चेहरे को जिम्मेदारी दी गई तो राजस्थान में सामान्य वर्ग के चेहरे को सीएम बनाया जा सकता है। लेकिन मध्य प्रदेश में सामान्य वर्ग का चेहरा मुख्यमंत्री बना तो राजस्थान में ओबीसी चेहरे को तवज्जो दी जा सकती है। इसीलिए पार्टी राजस्थान को लेकर फैसला अब मंगल या बुधवार को ही कर सकती है।
3. राजनाथ सिंह की व्यस्तता: राजस्थान के पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के लखनऊ से सांसद हैं। राष्ट्रपति का सोमवार को लखनऊ में कार्यक्रम है। इसमें राजनाथ सिंह की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। ऐसे में माना जा रहा है कि राजस्थान में विधायक दल की बैठक इसके बाद ही होगी।