Jaipur: विधानसभा चुनाव (Rajasthan Election 2023) की वोटिंग के लिए महज 12 दिन बचे हैं। भरतपुर में प्रत्याशी वोटर्स को लुभाने के लिए हर तरीका अपना रहे हैं। डीग जिले के कामां विधानसभा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इसमें निर्दलीय प्रत्याशी मुख्तियार अहमद प्रचार के दौरान एक बुजुर्ग महिला को कैश देते दिख रहे हैं। इस वीडियो के बारे में और ज्यादा जानने के लिए जब मुख्तियार अहमद को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
कांग्रेस से मांग रहे थे टिकट
मुख्तियार अहमद कांग्रेस पार्टी से टिकट मांग रहे थे। कांग्रेस ने विधायक जाहिदा खान को टिकट दिया था। कांग्रेस का टिकट जाहिदा खान को मिलने के बाद मुख्तियार अहमद निर्दलीय मैदान में उतर आए। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने मुख्तियार अहमद के चुनाव प्रचार के लिए जयपुर से हाथी भी मंगवाया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो
इसके लिए लोगों ने खुद से 2 लाख रुपए इकट्ठे किए थे। अब सोशल मीडिया (Rajasthan Election 2023) पर मुख्तियार अहमद का वीडियो शेयर हो रहा है, जिसमें वे बुजुर्ग महिला को पैसे देते दिख रहे हैं। लोग इसे आचार संहिता का उल्लंघन बता रहे हैं। हालांकि यह साफ़ नहीं हो पाया है कि वीडियो कब का और कहां का है।
क्या है वीडियो में
मुख्तियार अहमद अपनी कार से प्रचार दौरे पर हैं। इस दौरान रोड पर कुछ लोग खड़े दिखते हैं। मुख्तियार अहमद का ड्राइवर कार को लोगों के पास रोकता है। कार में बैठा एक व्यक्ति कार के अंदर पैसे गिनता है। इस दौरान मुख्तियार अहमद वहां खड़ी एक महिला से मिल रहे होते हैं। तभी कार के अंदर रुपए गिन रहा व्यक्ति मुख्तियार अहमद को पैसे देता है और मुख्तियार अहमद उस महिला के हाथ में पैसे पकड़ा देते हैं। इस वीडियो के बारे में जानने के लिए मुख्तियार अहमद को 3 बजकर 54 मिनट पर फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।