Jaipur: दो दिन पहले एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने (Rajasthan) बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया। जोधपुर में पिछले 12 साल में इतनी बारिश नवंबर के महीने में नहीं हुई, जितनी रविवार और सोमवार को हुई। इसी तरह कोटा में भी ये दूसरा मौका है। जब 12 साल में नवंबर की सर्वाधिक बारिश हुई हो। आज जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में हल्के से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अगले दो-तीन दिन में दिन के तापमान में भी 4-8 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
जयपुर में सुबह से छाया कोहरा
जयपुर में भी सुबह कोहरा छाया। इसके बाद से बूंदाबांदी जारी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम का असर राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में आज और रहेगा। देर शाम से पश्चिम और दक्षिण राजस्थान के जिलों में मौसम साफ होने लगेगा और उसके बाद घना कोहरा छा सकता है। राज्य में आज भी जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में आसमान में बादल छाए हुआ है। वहीं, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में सुबह से घना कोहरा देखने को मिला है। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, राजसमंद, पाली, बाड़मेर, जालोर समेत कई जिलों में आज सुबह घना कोहरे होने के कारण विजिबिलिटी कम रही और बाइपास पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रही।
जयपुर में बारिश
जयपुर में भी आज सुबह आसमान में बादल छाए रहे। ग्रामीण इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिला। शहर में कुछ जगहों पर बारिश हुई। इससे पहले जयपुर में सोमवार शाम शाम सर्द हवाएं चली। रात का तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कल दिन में जयपुर में पूरे दिन बादल छाने से सर्दी तेज रही। दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया।
कोटा में 24MM बारिश
इससे पहले बीते 24 घंटे के दौरान कोटा, बारां, अलवर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, चूरू, पिलानी के अलावा करौली, टोंक, राजसमंद, धौलपुर, दौसा समेत कई जगह बारिश हुई। कोटा में 24MM बरसात हुई। कोटा में ये पिछले 12 साल में दूसरी सबसे ज्यादा बारिश हुई है। सबसे ज्यादा बरसात 48MM साल 2021 में हुई थी। इसी तरह जोधपुर में रविवार सुबह 8 से सोमवार सुबह 8 बजे (24 घंटे) के बीच 14.6MM बरसात हुई, जो पिछले 12 साल में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड है। जोधपुर में 1976 में 23.6MM बरसात हुई, जो अब तक नवंबर माह में हुई सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड है।
यहां भी हुई आज बारिश
करौली में 32, सपोटरा 24, श्रीमहावीरजी में 27, बूंदी में 9, नैंनवा में 11, केशवारायपाटन 16, टोंक के उनियारा में 16, भीलवाड़ा के हमीरगढ़ में 25, शक्करगढ़ में 9, राजसमंद के गिलुंड में 39, नाथद्वारा में 11, धौलपुर के बसेड़ी में 15, सरमथुरा में 10MM बारिश हुई।
तेज होगी सर्दी, बारिश की भी आशंका
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में अगले तीन-चार दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के चूरू, हनुमानगढ़ और आसपास के क्षेत्र में आज भी हल्की बारिश होने व 29 नवंबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही आगामी दो-तीन दिन राज्य में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने और अधिकतम तापमान औसत से 4-8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज होने की संभावना है।