Jaipur: राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Rajasthan Weather) के कारण एक इंच से ज्यादा बरसात हुई। सोमवार सुबह जयपुर, उदयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में बादल छाए रहे और बारिश हुई। सबसे ज्यादा बरसात बाड़मेर में 60MM हुई। बारिश, ओलावृष्टि के कारण बाड़मेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा, जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।
जयपुर में इतना रहा तापमान
जयपुर में सुबह चारदीवारी, दिल्ली रोड, आदर्श नगर के एरिया में हल्की बारिश हुई। इससे पहले रविवार को दिनभर बादल छाने से जयपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बादल छाने और बारिश से नमी के कारण रात में तापमान कंट्रोल रहा और सर्दी थोड़ी कम रही।
बाड़मेर में दिन में रात जैसी सर्दी
बाड़मेर में रविवार को हुई बारिश, ओलावृष्टि (Rajasthan Weather) के बाद पूरे दिन बादल छाने से दिन का तापमान केवल 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर गया। यहां रविवार रात का न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस था, जो पूरे दिन में केवल 3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 17.9 डिग्री सेल्सियस तक ही गया। ये इस सीजन में अब तक किसी भी शहर में इतना कम तापमान नहीं रहा।
बांसवाड़ा में एक इंच से ज्यादा बरसात
राज्य के दक्षिण हिस्से में कल देर शाम अच्छी बारिश हुई। बांसवाड़ा शहर के अलावा केसरपुरा में 30, कुशलगढ़ में 38, जगपुरा-घाटोल में 29-29MM बारिश हुई। इसके अलावा झालावाड़, चित्तौड़गढ़, बारां, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, डूंगरपुर, सिरोही समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के कपासन में 25MM यानी एक इंच पानी बरसा। डूंगरपुर में भी रविवार को दिन में और देर रात को बरसात हुई। बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई है।
दिन का तापमान सामान्य से नीचे आया
बारिश और बादल छाने से शहरों में दिन में सर्दी (Rajasthan Weather) बढ़ गई। सभी शहरों में कल दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे ज्यादा ठंडा दिन कल बाड़मेर में रहा, जहां अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उदयपुर में भी कल दिन का तापमान सामान्य से 7 डिग्री, जैसलमेर में सामान्य से 8, अजमेर में सामान्य से 6 और बीकानेर में सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।