Jaipur: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मचा बवाल (Rajasthan University) थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार के इस साल छात्रसंघ चुनाव रद्द करने के फैसले को लेकर छात्र संघ के लोगों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। बता दें कि मंगलवार रात 8:15 बजे राजस्थान यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के दो छात्रनेता कमल चौधरी और विनोद भुदौली पानी की टंकी पर चढ़ गए। दोनों ने छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान यूनिवर्सिटी में 2 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे 8 स्टूडेंट्स की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें SMS अस्पताल ले जाया गया।
सरकार नहीं जगी तो करेंगे उग्र आंदोलन
टंकी पर चढ़े छात्र नेता कमल चौधरी ने कहा- राजस्थान में सिर्फ छात्र संघ चुनाव ही ऐसा जरिया था, जिसके माध्यम से आम छात्र की बात सरकार तक पहुंचती थी। राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के युवाओं की आवाज को दबाने के लिए छात्रसंघ चुनाव ही रद्द कर दिए। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज हम पानी की टंकी पर चढ़े हैं। अगर अब भी सरकार नहीं जगी तो हम और उग्र आंदोलन करेंगे। राजस्थान में छात्र संघ चुनाव करवाकर ही दम लेंगे। ऐसे में अगर हमारी जान जाती है तो उसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
राजस्थान सरकार पर लगाए ये आरोप
छात्रनेता विनोद भुदौली ने कहा- राजस्थान की सरकार युवा विरोधी (Rajasthan University) नीति बना रही है। छात्रसंघ चुनाव ही एकमात्र ऐसा जरिया था। इससे आम छात्रों की समस्याओं का समाधान हो सकता था। यूनिवर्सिटी में हो रहे भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों को छिपाने के लिए प्रदेशभर के कुलपतियों ने सरकार को गलत रिपोर्ट सौंप दी। जिसे सरकार ने भी आंख बंद कर सही मान चुनाव रद्द करने का फैसला ले लिया। इसका सबसे ज्यादा नुकसान प्रदेश के युवाओं को हुआ है। ऐसे में अगर सरकार ने इस फैसले पर फिर से रिव्यू कर छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए तो प्रदेशभर के युवा उग्र आंदोलन करेंगे।
आज उच्च शिक्षा मंत्री से करेंगे मुलाकात
लगभग 4:30 घंटे तक दोनों छात्र नेता राजस्थान यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बनी पानी की टंकी पर ही बैठे रहे। इस दौरान सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और समझाइश करने लगी। लेकिन दोनों छात्र नेता नहीं माने। इसके बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने नाराज छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की। इसके बाद उच्च शिक्षा मंत्री राजेंद्र यादव द्वारा दोनों छात्र नेताओं को बातचीत का प्रस्ताव भिजवाया गया। जिस पर सहमति देते हुए दोनों छात्र नेता रात 1 बजे बाद पानी की टंकी से नीचे उतरे। वहीं आज दोपहर बाद दोनों छात्र नेताओं की उच्च शिक्षा मंत्री राजेंद्र यादव से छात्र संघ चुनाव को लेकर बातचीत होगी।
भूख हड़ताल पर बैठे 8 छात्र नेता SMS अस्पताल में भर्ती
वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव फिर से कराने की मांग को लेकर 13 अगस्त की रात से 12 छात्र नेता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें से 8 नेताओं की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें SMS अस्पताल ले जाया गया। ऐसे में 15 अगस्त की शाम तक 12 में से 4 नेता ही धरना स्थल पर रह गए। भूख हड़ताल पर बैठे आठ छात्र नेताओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें SMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दरअसल, 13 अगस्त की रात को NSUI और निर्दलीय 13 छात्र नेता छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। लेकिन महज 24 घंटे में ही छात्र नेता राहुल महला और रविंद्र महलावत की तबीयत खराब होने पर उन्हें एंबुलेंस से SMS हॉस्पिटल ले जाया गया। वहीं 15 अगस्त के दिन भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता मेघराज गुर्जर, अभिषेक चौधरी, गजराज राठौड़, कोमल मोहनपुरिया, सोनू बैरवा और प्रियांशी खंडेलवाल को एक-एक कर एंबुलेंस से SMS हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
छात्र नेताओं ने निकाला कैंडल मार्च
हालांकि यूनिवर्सिटी कैंपस सरकार के खिलाफ दिए जा रहे धरने (Rajasthan University) में छात्र नेता हरफूल चौधरी, महेश चौधरी, मोहित यादव और गोविंद मिलिंडा डटे हुए हैं। मंगलवार रात धरना स्थल पर इनके समर्थकों द्वारा कविता पाठ का आयोजन किया गया। वहीं, भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने भी कैंडल मार्च निकालकर सरकार से एक बार फिर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की थी।
जानें राजस्थान में क्यों नहीं हो रहे छात्रसंघ चुनाव?
बता दें कि शनिवार को छात्रसंघ चुनाव को लेकर उच्च शिक्षा विभाग की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने नई शिक्षा नीति-2020 लागू करने के साथ ही यूनिवर्सिटी में चल रही एडमिशन और रिजल्ट प्रक्रिया का हवाला देकर छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगाने की बात कही, जिस पर सर्वसम्मति से इस साल चुनाव नहीं कराने का फैसला किया गया था। इसके बाद से ही प्रदेशभर में छात्र नेताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।