Jaipur: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राजस्थान (Rajasthan Weather Update) में कल देर शाम दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई जिलों में एक से दो इंच तक बरसात रिकॉर्ड हुई। सबसे ज्यादा बरसात बूंदी जिले के नैंनवा में हुई। बादल और बारिश के कारण राजस्थान के कई शहरों में दिन में सर्दी बढ़ गई। चित्तौड़गढ़, उदयपुर, कोटा, भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। मौसम केन्द्र जयपुर ने आज भी पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग के जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में हुई बारिश
बारिश की स्थिति देखें तो पिछले 24 घंटे के दौरान राजसमंद, करौली, धौलपुर, जयपुर, चित्तौड़गढ़, बारां, बूंदी, सवाई माधोपुर, बांसवाड़ा, झालावाड़, अजमेर, भरतपुर, दौसा, जोधपुर समेत अन्य जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बरसात बूंदी के नैंनवा में 60MM यानी 2 इंच से ज्यादा बरसात हुई। सवाई माधोपुर के खंडार, मलारना डूंगर, करौली में श्रीमहावीरजी, सपोटरा, राजसमंद के गिलुंड, धौलपुर के सरमथुरा, दौसा के लालसोट, चित्तौड़गढ़ के बेंगू में एक-एक इंच से ज्यादा बरसात दर्ज हुई। सोमवार सुबह चित्तौड़गढ़ के बड़ी सादड़ी नगर व आसपास के क्षेत्र में बादल छाए रहे।
माउंट आबू में सर्द रात, उत्तरी राजस्थान में कोहरा
इधर उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में मौसम साफ रहा। गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर के ग्रामीण एरिया में आज सुबह कोहरा छाया रहा। हिल स्टेशन माउंट आबू में आज सबसे कम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर के फतेहपुर में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
जयपुर शहर में अच्छी बारिश
जयपुर जिले की बात करें तो यहां शहरी इलाके (Rajasthan Weather Update) में कल देर रात अच्छी बरसात हुई। सी-स्कीम, सिविल लाइंस, टोंक फाटक, सहकार मार्ग समेत कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। ग्रामीण इलाके में फागी में सबसे ज्यादा बारिश 3.5MM हुई। इसी तरह कोटखावदा, चाकसू में 2-2, फुलेरा, नरैना, सांभर, कोटपूतली, सांगानेर एरिया में एक-एक मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। जयपुर में कल दोपहर करीब 1 बजे से मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाने के बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। आज सुबह जयपुर में में मौसम साफ रहा और हल्की धूप भी निकली। शहर में कल दिन का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अलवर जिले में देर शाम हल्की बारिश व बूंदाबांदी शुरू हुई, जिससे अचानक पारा गिर गया।