Jaipur: राजस्थान में सर्दी अभी स्थिर बनी हुई है। हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार (Rajasthan Weather Update) चौथे दिन मिनिमम तापमान जमाव बिंदु यानी शून्य पर दर्ज हुआ। गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर बेल्ट में आज सुबह आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। यहां बारिश होने की संभावना बहुत कम है। शहरों में आज न्यूनतम तापमान भी कल के समान ही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में अगले 4 दिन मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है, लेकिन 18 दिसंबर से राजस्थान समेत मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान गिरना शुरू होगा। सर्दी तेज होने लगेगी।
इन जिलों में खिली धूप
उत्तरी राजस्थान के जिलों को छोड़कर शेष राज्य में आज आसमान साफ है। सुबह से धूप है। जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा में आज न्यूनतम तापमान भी कल की तरह रहा। माउंट आबू में आज भी सुबह वादियों में हल्की बर्फ जमी नजर आई। यहां पिछले 4-5 दिन से तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज हो रहा है। उदयपुर में आज तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, जिससे यहां का मिनिमम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ये इस सीजन में यहां का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। उदयपुर में आज सुबह हल्की धुंध रही, लेकिन सूरज चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो गया। उदयपुर के अलावा डूंगरपुर में भी आज तापमान गिरकर 10.9 पर आ गया, जो शहर का इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। सीकर में सुबह कई इलाकों में कोहरा भी छाया रहा। रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
14 शहरों में तापमान सिंगल डिजिट में
राजस्थान में आज 14 शहरों में रात का मिनिमम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। इसमें माउंट आबू के अलावा भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, सीकर, उदयपुर, बारां, सिरोही, फतेहपुर, करौली, जैसलमेर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ और जालोर शामिल है।
जानें कब से बढ़ेगी सर्दी
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य में अगले सप्ताह (Rajasthan Weather Update) के मिड से सर्दी तेज होने लगेगी। क्योंकि एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 16 से 18 दिसंबर के पहाड़ी राज्यों (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश) में बर्फबारी करेगा। ये सिस्टम 18 को आगे निकल जाएगा और 19-20 दिसंबर से उत्तर भारत से बफीर्ली हवाएं चलनी शुरू होगी। इन सर्द हवाओं से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और गुजरात उतरी हिस्सों में तापमान गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी।