जैसलमेर: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार (Rajasthan Weather) देर रात उत्तर-पश्चिम राजस्थान के जिलों में तेज बारिश हुई। जैसलमेर, बीकानेर, अलवर, भरतपुर समेत कई शहरों में 1 से लेकर 4 इंच तक बरसात हुई। जैसलमेर में बारिश ने नया रिकॉर्ड बना दिया, यहां इससे पहले कभी अक्टूबर में इतनी बारिश दर्ज नहीं हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि जोधपुर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, हनुमानगढ़, गंगानगर, अजमेर, नागौर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं में आज बारिश हो सकती है। इसके बाद बुधवार से प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा और सर्द हवा चलने से ठंडक बढ़ेगी।
जैसलमेर में देर रात हुई बारिश
मौसम केंद्र जयपुर और जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट देखें तो बीती रात जैसलमेर के पोकरण, मोहनगढ़, सांकरा, नाचना समेत कई जगहों पर 1 से लेकर 4 इंच तक बरसात हुई। सबसे ज्यादा बरसात सांकरा में 101MM दर्ज हुई। जैसलमेर शहर में भी देर रात बारिश हुई। तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 18.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
ठंडी हवा चलने से सर्दी बढ़ी
प्रदेश में दो दिन से हो रही बारिश और ओलावृष्टि (Rajasthan Weather) के कारण अब यहां तापमान गिरने लगा है। आज सुबह लोगों को हल्की सर्दी महसूस हुई। पिलानी, बारां, अजमेर को छोड़कर राज्य के सभी शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडी रात सिरोही में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
तापमान में दर्ज की गई गिरावट
पोकरण में भी बीती रात 82MM बरसात हुई। बीकानेर के कोलायत में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई, यहां 31MM बरसात दर्ज हुई। बीकानेर में बारिश के कारण दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया। यहां न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जैसलमेर में बारिश का रिकॉर्ड टूटा
जैसलमेर जिले में आज हुई बारिश से नया रिकॉर्ड (Rajasthan Weather) बना है। इससे पहले जैसलमेर में कभी भी अक्टूबर में एक इंच से ज्यादा बरसात नहीं हुई। सबसे ज्यादा बारिश यहां साल 2019 में 23.4MM हुई थी, लेकिन बीती रात से आज सुबह तक जैसलमेर में 84MM बारिश ने नया रिकॉर्ड बना दिया। अमूमन इतनी बारिश जैसलमेर में मानसून सीजन में भी एक या दो बार ही होती है। सीकर में देर रात बारिश हुई। इस दौरान बिजली चमकने की तस्करी कैमरे में कैद हुई।