जोधपुर: केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) शनिवार जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एक सरकारी कार्यकर्म में शामिल होने पहुंचे गजेंद्र सिंह शेखावत ने विपक्ष पर जोरदार जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग देश को जाति-धर्म के आधार पर बांट रहे हैं, लेकिन सही मायने में देश में चार ही जातियां हैं महिला, युवा, किसान और गरीब। केंद्र की मोदी सरकार इन्हीं के विकास के लिए काम कर रही है। अब राज्य में डबल इंजन की सरकार बन गई, इसलिए यह काम और तेजी से होगा।
क्या बोले गजेंद्र सिंह शेखावत?
गजेंद्र सिंह शेखावत शनिवार (Gajendra Singh Shekhawat) को काजरी परिसर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने देश को बांटने का काम किया है। समाज को इन्होंने कभी जाति के आधार पर तो कभी धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास किया। ऐसे में पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश में मात्र चार ही जातियां है। एक नारी जाति, दूसरी युवा शक्ति है, तीसरा देश का किसान है, जिसने देश के खाद्यान्न को भंडारों को भर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की बदौलत ही हम आज दुनिया के सबसे ज्यादा खाद्यान्न, दूध और सब्जी उत्पादक देश है, लेकिन किसान जिस तरह खुशहाल होना चाहिए, वह हो नहीं पाया। इसलिए पीएम मोदी ने किसान को एक जाति माना है। चौथी जाति गरीबों की जाति है।
'10 साल में 13.5 करोड़ गरीबी रेखा के ऊपर पहुंचे'
बीजेपी सरकार की तारीफ करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण देश के 13.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा के ऊपर उठ गए हैं, ये पिछले दस सालों संभव हुआ है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए 15 हजार महिलाओं के नेतृत्व में बने स्वयं सहायता समूह को लोन देने का काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार इन स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन उपलब्ध करवा रही है और हम जल्द देखेंगे कि महिलाएं खड़ी होकर ड्रोनों के माध्यम से फसलों में दवाओं का छिड़काव कर रही होंगी।
'यात्रा में दिलाएंगे केंद्र की योजनाओं को लाभ'
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिये केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। रथ के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र वंचित व्यक्ति को मौके पर ही पंजीकृत कर संबंधित योजना का लाभ दिलाया जाएगा, क्योंकि सरकार और जनप्रतिनिधियों की ढिलाई के कारण वे योजना का लाभ नहीं ले पा रहे होंगे। इस रथ के माध्यम से वंचित पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ेंगे।
'यात्रा का करें उत्सव के रूप में स्वागत'
बीजेपी की यात्रा को लेकर गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने कहा कि ये यात्रा सरकारी नहीं बल्कि जनआंदोलन बनेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि जिस तरह धार्मिक यात्रा में सारा गांव उमड़ता है। उसी तरह इस यात्रा को भी उत्सव की तरह लें। शेखावत ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना और भारत जनऔषधि योजनाओं से आम आदमी के जीवन में फायदा पहुंचा है। इसी तरह की अनेक योजनाएं जिनसे आम आदमी को फायदा मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को इस यात्रा के माध्यम से पात्र लोगों तक पहुंचाना है और उन्हें योजनाओं में पंजीकृत करके उनको लाभ दिलाना है।
वीसी पर पीएम मोदी की लाभार्थियों से संवाद
इस कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। कार्यक्रम में देशभर से हजारों विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थी वर्चुअल रूप से जुड़े। पीएम मोदी ने विविध योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया और पूछा कि "मोदी की गारंटी वाली गाड़ी आई या नहीं। गारंटी वाले मोदी की गारंटी वाली गाड़ी की पूरे देश में चर्चा है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, महापौर वनिता सेठ, सूरसागर विधायक दवेंद्र जोशी, लूणी विधायक जोगाराम पटेल, जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।