Jaipur: सीएम गहलोत (Ashok Gehlot) मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इससे पहले जयपुर एयपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा- महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश और कर्नाटक में लिए होंगे। वहां पर तो 35-35 करोड़ के आरोप लगे थे। महाराष्ट्र में तो 50 करोड़ के लग रहे हैं। आप बता दीजिए उनको कोई पूछता है क्या? मालूम पड़ता है क्या- किसने लिए? डेमोक्रेसी खत्म करने का यह बड़ा खेल हो रहा है। फोटो सितंबर 2023 का है। जब राहुल गांधी जयपुर आए थे। अब सीएम ने दोबारा बगावत वाले दिनों का जिक्र कर नया मुद्दा छेड़ दिया है।
बीजेपी और आरएसएस पर साधा निशाना
इसी दौरान सीएम अशोक गहलोत ने एक बार फिर सियासी संकट को याद करते हुए बीजेपी के साथ सचिन पायलट खेमे के विधायकों पर इशारों में निशाना साधा। गहलोत ने कहा- विधायकों के ज्यादा करप्ट होने की अफवाह बीजेपी और आरएसएस ने फैलाई है। अगर ये विधायक करप्ट होते तो 10 करोड़ की पहली किस्त इन्होंने क्यों नहीं ली? विधायक करप्ट होते तो ले लेते। इनको तो कोई कहने वाला ही नहीं था। कोई पूछने वाला नहीं था। जिन्होंने लिए होंगे, उन्हें कोई पूछ रहा है क्या?
अगर लालच होता तो 10 करोड़ रूपए ले लेते- सीएम गहलोत
गहलोत (Ashok Gehlot ) ने कहा- हमारे विधायक करप्ट होते तो सियासी संकट के वक्त 10-10 करोड़ रुपए मिल रहे थे, वो नहीं छोड़ते। अगर लालच होता तो ले लेते। 10 करोड़ रुपए मिल रहे थे। 10 करोड़ रुपए कौन छोड़ना चाहेगा? आरोप लगाना बड़ी आसान बात है कि विधायकों ने करप्शन बहुत किया। आजकल जमाना आरोपों का ही है और आप किसी के ऊपर भी आरोप लगा सकते हैं।
'जनता के साथ की वजह से हमारी सरकार बनी'
10 करोड़ रुपए इनको होटल में बैठे ऑफर हो रहे थे। राज्यपाल ने जब विधानसभा सत्र बुलाने की तारीख तय की थी तो उसके बाद विधायकों की रेट और बढ़ गई थी। उसके बाद तो 10 से 20, 30, 40 करोड़ रुपए तक दे रहे थे, आप जितना बोलो उतना दे रहे थे। उनको तीन-चार विधायकों की जरूरत थी। गहलोत ने कहा- राजस्थान आज देशभर में चर्चित हो गया है। अमित शाह, मोदी राजस्थान में सरकार गिरा नहीं पाए। उसके बाद राजस्थान का ऑरा देशभर में अलग तरह का बन गया है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक की सरकारें गिरा दीं, लेकिन राजस्थान में ये सरकार नहीं गिरा पाए। इसका श्रेय हमारे अध्यक्ष ने कल राजस्थान की जनता को दिया। अगर जनता हमारे खिलाफ होती, अगर जनता का रुख हमारे साथ नहीं होता तो सरकार नहीं बचती। एमएलए भी जनप्रतिनिधि है, वह जनता का मूड देखता है।
विजन 2030 का भी किया जिक्र
गहलोत ने कहा- उस वक्त टच एंड गो मामला था, लेकिन आप देखिए सरकार की कितनी बड़ी गुडविल थी और किस प्रकार पब्लिक का सपोर्ट मिल रहा था। लोगों ने विधायकों से कहा कि अगर 6 महीने भी होटल में रुकना पड़े तो रुकिए, लेकिन सरकार नहीं गिरनी चाहिए। आपको पीछे नहीं हटना है। टच एंड गो का मतलब समझ गए आप, बहुत मामूली अंतर से उस वक्त हमने सरकार बचाई है। अशोक गहलोत ने सितंबर 2023 में विजन 2030 लॉन्च किया था। एयरपोर्ट पर भी मीडिया से बातचीत के दौरा उन्होंने इसका जिक्र किया।
आज देश में मैं खुद चर्चा में हूं
गहलोत (Ashok Gehlot) बोले- आज सब राजस्थान की चर्चा इसीलिए करते हैं कि सरकार बच कैसे गई? जब महाराष्ट्र इतना बड़ा राज्य है। देश की आर्थिक राजधानी है। बड़े-बड़े दिग्गज वहां पर हैं। वहां सरकार नहीं बचा पाए। कर्नाटक में हमारी सरकार गिरा दी गई। मध्य प्रदेश में 15 साल बाद सरकार बदली और वह गिरा दी। राजस्थान की सरकार नहीं गिरी, आज देश में मैं खुद चर्चा में हूं। मेरी सरकार चर्चा में है, कांग्रेस चर्चा में है।
'राजस्थान की जनता बीजपी से बदला ले कर रहेगी'
राजस्थान चर्चा में है, इसका श्रेय यहां की जनता को जाता है। यह जनता बीजेपी से बदला लेकर रहेगी, जिन्होंने सरकार गिराने का प्रयास किया। गजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह शामिल थे। प्रधानमंत्री का क्या आशीर्वाद था या नहीं था, यह नहीं मालूम। उन्होंने कहा- जब ये वोट मांगने आएंगे तो लोग याद करेंगे कि ये वही लोग हैं। सरकार को गिराकर राजस्थान की बेइज्जती कर रहे थे। जनता यहां की सरकार की परफॉर्मेंस, स्कीम्स को देखकर वोट देगी। सरकार की ऐसी योजनाएं कहीं नहीं हैं।
चुनाव के बाद मोदीजी नहीं आने वाले हैं
गहलोत ने कहा- प्रधानमंत्री से पूछो आप यहां आकर प्रचार कर रहे हो, कम से कम हमारी स्कीम को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करो। 25 लाख का बीमा, शहरी गारंटी रोजगार योजना कहीं नहीं है। आप हमारी योजनाओं को देशभर में लागू करिए। इसके बाद राजस्थान में आकर चुनाव प्रचार कीजिए। चुनाव बाद प्रधानमंत्री चले जाएंगे। चुनाव के बाद मोदी जी नहीं आने वाले, फिर यह काम कौन करेगा, जनता को पूछना है। सीएम अशोक गहलोत ने हिंदूवादी वाले एजेंडा को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गायों के लिए भी हमने अनुदान दिया।
क्या हम हिंदू नहीं हैं?
गहलोत (Ashok Gehlot) ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा- बीजेपी वाले हिंदुत्व की बात करते हैं, हम हिंदू नहीं हैं क्या? जब जनता पूछेगी कि हिंदुत्व पर तो यह सरकार ज्यादा काम कर रही है, इसका बीजेपी के नेता जवाब दें। बीजेपी खाली बातें कर रही है और काम हम कर रहे हैं। गायों के लिए हमने 3000 करोड़ अनुदान दिया। मंदिरों के लिए हमने बजट दिया। इनके पास केवल ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई रह गई है। जनता इन्हें समर्थन नहीं देगी। सरकार बचाने का क्रेडिट विधायकों को देने के सवाल पर कहा- विनेबिलिटी सबकी देखी जाएगी।
विधायकों के जरिए ही तो काम हुए, सब विधायक करप्ट नहीं होते
सरकार बचाने वाले 102 विधायकों को टिकट देने के सवाल पर गहलोत ने कहा- कुछ लोगों की शिकायत हो सकती है। मैं नहीं कह सकता कि सर्वे में क्या नाम आएगा? उनका क्या होगा? मैं मानता हूं कि सभी विधायक करप्ट नहीं होते हैं। हमारे जो काम होते हैं विधायकों के जरिए होते हैं। आज हमारे कामों की तारीफ हो रही है, वह काम किसने करवाया? विधायकों ने जो मांगा, वह दिया। वह काम किसने मांगा, विधायक ने मांगा। जनता से जुड़ा हुआ विधायक ही है। उसको आप कैसे हटाओगे।