Jaipur: राजस्थान के एक मंत्री ने बुधवार को गलती से 'चंद्रयान-3' मिशन में भाग लेने वाले 'यात्रियों' (Ashok Chandna) को बधाई दे डाली। राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना ने चंद्रयान के मानव रहित लैंडर के चंद्रमा की सतह पर उतरने से कुछ घंटे पहले यह बात कही। उन्होंने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, 'अगर हम कामयाब हुए और सेफ लैंडिंग हुई... तो हमारे जो यात्री गए हैं हमारे उनको सलाम करता हूं।'
अशोक चांदना ने क्या कहा?
अशोक चांदना ने कहा, 'हमारा देश, विज्ञान व अंतरिक्ष अनुसंधान में एक कदम और आगे बढ़ा। उसकी सभी देशवासियों को बधाई देता हूं।' उल्लेखनीय है कि इसरो ने बुधवार को अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर 'विक्रम' और रोवर प्रज्ञान' से लैस एलएम की सॉफ्ट लैंडिग कराने में सफलता हासिल की। भारतीय समयानुसार शाम करीब 6.04 पर इसने चांद की सतह को छुआ।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया वीडियो ट्वीट
बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने वीडियो ट्वीट करते हुए राजस्थान (Ashok Chandna) की कांग्रेस सरकार में मंत्री अशोक चांदना की चुटकी ली। उन्होंने लिखा, 'घमंडिया ठगबंधन स्पेशल!! चंद्रयान पर राजस्थान के मंत्री अशोक चांदना जी और बिहार के मुख्यमंत्री जी का ज्ञान देखकर क्या कहेंगे आप?'
राजसमंद सांसद दीया कुमारी की प्रतिक्रिया
वहीं, राजसमंद सासंद दीया कुमारी ने भी वीडियो ट्वीट किया और लिखा, 'राजस्थान के खेल एवं युवा मामलात मंत्री अशोक चांदना जी चांद पर जाने वाले यात्रियों को सलाम कर रहे हैं। मंत्री जी, ये चंद्रयान है। गगनयान प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के अगले कार्यकाल में यात्रियों के साथ चांद पर जाएगा।''
सीएम गहलोत ने दी चंद्रयान-3 की सफलता की बधाई
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चंद्रयान की सफलता पर इसरो के वैज्ञानिकों समेत सभी देशवासियों को बधाई दी। सीएम गहलोत ने ट्वीट किया, 'जय 'इसरो' का अनुसंधान। जय विज्ञान, जय हिंदुस्तान!'