क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक मृतक के पिता की रिपोर्ट में कहीं भी राजनीतिक कारणों का जिक्र नहीं है, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी ने इसे राजनीतिक रंग देकर धरना प्रदर्शन किया। जबकि, पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश में जुटी है। दरअसल, पुलिस सूत्रों के अनुसार लेबर कॉलोनी निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र बनवारी लाल वैष्णव (34) ने प्रताप नगर थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि वह पांसल चौराहा स्थित जया शूटिंग में नौकरी करता है।''गुरुवार रात 8 बजे वह ड्यूटी पर था, तभी उसे रात को 11 बजे उसके दोस्त शकंर भांबी का फोन आया और उसने कहा, 'तेरे लड़के की कॉलोनी में कुछ लड़कों से लड़ाई हो रही थी, लेकिन मैंने उसे घर भेज दिया है तू जल्दी घर आजा। इसके बाद मैं फैक्ट्री से घर आ गया। फिर मैंने अपने बेटे जयंत (17 साल) से पूछा कि क्या बात हुई तो उसने कहा कि मुझे राहुल भांबी बार-बार धमकी दे रहा है। इसके बाद मैं अपने बेटे के साथ लेबर कॉलोनी हनुमान मंदिर के पास गया, जहां राहुल भांबी और फड़का नाम के लड़के से मैंने पूछा कि तुम मेरे लड़के से क्या चाहते हो। क्यों उसे परेशान करते हो।'
उन्होंने आगे बताया, 'इतने में ही राहुल के साथ खड़े (Rajasthan Elections 2023) उसके दोस्त ने मेरे और मेरे बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। मेरे बेटे पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह नीचे गिर गया। मैंने अपने लड़के को संभाला और चिल्लाने लगा, तो शोर सुनकर वहां पर भगवत सिंह, हितेश, सलमान, नारायण सहित कई लोग आ गए। इन लोगों को देखकर राहुल और उसका दोस्त वहां से भाग गए।' वहीं पुलिस ने बताया कि चंद्र प्रकाश के बयान के आधार पर आईपीसी की धारा 341, 323, 307, 384, 302/34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही तत्काल कार्रवाई करते हुए राहुल भांबी और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में घायल जयंत की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पिता चंद्रप्रकाश को उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।