Jaipur: राजस्थान में नया मुख्यमंत्री कौन? इसको लेकर जयपुर (Rajasthan CM) से दिल्ली तक हलचल चल रही है। दिल्ली में आज भाजपा संसदीय दल की बैठक होगी। इस बीच जयपुर में बीजेपी में बड़ा ड्रामा सामने आया। सूत्रों के अनुसार मंगलवार देर रात सीकर रोड पर एक होटल में भाजपा के 5-6 विधायक ठहरे थे। इनमें किशनगंज विधायक ललित मीणा भी थे। साथी विधायकों की बातें और हाव-भाव देख ललित को शक हुआ कि पार्टी के किसी बड़े नेता के इशारे पर लॉबिंग हो रही है। क्योंकि वे कोटपूतली से आगे किसी होटल में जाने की बात कर रहे थे।
क्या बोले अरूण सिंह?
ललित ने अपने पूर्व विधायक पिता (Rajasthan CM) और पार्टी के कुछ नेताओं से बात की। इसके बाद पिता खुद होटल पहुंचे और बेटे ललित को ले आए। इसके बाद ललित ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को घटनाक्रम की जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार इसके बाद विधायकों के मूवमेंट पर नजर बढ़ा दी गई। वहीं, बुधवार को प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर विधायकों से मिलकर चर्चाएं करते रहे। मामले को लेकर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- होटल वगैरह की बात मुझे नहीं पता, लेकिन यह सच है कि ललित मीणा के पिता से मंगलवार शाम मेरी मुलाकात हुई थी। मैं पिछले 24 घंटे में 32 से अधिक विधायकों से मिला था। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा- मुझे ध्यान नहीं है और यह कोई खास बात नहीं है। यह जरूर कहूंगा कि कार्यकर्ताओं और विधायकों के लिए पार्टी कार्यालय मंदिर की तरह है और यहां आस्था रखी जानी चाहिए।
भाजपा संसदीय दल की बैठक आज
राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री को लेकर दिल्ली तक हलचल शुरू हो गई है। बुधवार देर शाम पीएम आवास पर पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भाजपा नेताओं के साथ बैठक हुई। वहीं बुधवार देर रात पूर्व सीएम वसुंधरा राजे दिल्ली पहुंचीं। रात करीब साढ़े 10 बजे वे जयपुर एयरपोर्ट से निकली थीं। बताया जा रहा है कि वे गुरुवार को संगठन के नेताओं से मुलाकात करेंगी। हालांकि दिल्ली बुलाने के कयासों के बीच वसुंधरा ने एयरपोर्ट पर कहा- मैं बहू से मिलने जा रही हूं।
नए सीएम का नाम होगा फाइनल
वहीं गुरुवार सुबह 9:30 बजे भाजपा संसदीय दल की बैठक शुरू होगी। इसी बैठक में राजस्थान के नए सीएम को लेकर भी नाम फाइनल हो सकता है। ये बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होगी, जिसमें पीएम मोदी समेत संसदीय दल के मेंबर रहेंगे। ये भी संभावना जताई जा रही है कि जातीय समीकरण और लोकसभा चुनाव दोनों को ध्यान में रखते हुए नए सीएम के साथ दो डिप्टी सीएम के नाम की भी घोषणा हो सकती है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे बुधवार रात जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होते हुए।
विधायक बने 3 सांसदों ने दिया इस्तीफा
विधायक बने भाजपा के 3 सांसदों ने बुधवार को सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। इनमें दीया कुमारी, किरोड़ीलाल मीणा और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ शामिल हैं। हालांकि बाबा बालकनाथ ने इस्तीफा नहीं दिया है।
बीजेपी में पहला मौका जब सीएम पद को लेकर असमंजस
राजस्थान बीजेपी में यह पहला मौका है, जब मुख्यमंत्री को लेकर असमंजस बना है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। बीजेपी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करके ही चुनाव लड़ती रही है, इसलिए कभी नतीजे आने के बाद असमंजस नहीं हुआ। पहले भैरोंसिंह शेखावत बीजेपी के सीएम चेहरे हुआ करते थे। 2003, 2008, 2013 और 2018 के विधानसभा चुनावों में वसुंधरा राजे पहले से सीएम चेहरा घोषित थीं, इसलिए असमंजस नहीं हुआ था। 2003 और 2013 में वसुंधरा राजे का पहले से ही सीएम बनना तय था, इसलिए नतीजे आने के बाद ही सीएम की शपथ का टाइम तय हो जाता था, विधायक दल की बैठक में नाम की घोषणा केवल औपचारिकता ही रहती थी। दोनों ही बार वसुंधरा राजे ने 13 दिसंबर को शपथ ली थीं।
एक दिन पहले फेक लिस्ट जारी, बीजेपी ने किया खंडन
इधर, राजस्थान में सीएम के नाम को लेकर अब अफवाहों (Rajasthan CM) का दौर भी शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर लगातार फेक लिस्ट जारी की जा रही है। बुधवार शाम को भी बीजेपी के एक फेक लिस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की गई, जिसमें बालकनाथ को सीएम और किरोड़ीलाल मीणा और दीया कुमारी को डिप्टी सीएम का दावा किया गया। इसके बाद भाजपा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से इस लिस्ट को ट्वीट करते हुए फेक बताया।
ये 8 विधायक राजे और सीपी जोशी दोनों से मिले थे
इनमें 8 विधायक ऐसे भी थे जो पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी दोनों से मंगलवार को मुलाकात की थी। इनमें जोगाराम पटेल, अर्जुनलाल गर्ग, गुरवीर सिंह, शंकर सिंह रावत, गोपीचंद मीणा, बहादुर सिंह कोली, विजय सिंह चौधरी और मंजू बाघमार थे।