Jaipur: राजस्थान विधानसभा चुनाव (Rajasthan Election Result 2023) के नतीजे अब साफ होते जा रहे हैं और रुझानों में बीजेपी ने कांग्रेस को पछाड़ दिया है। इसी के साथ कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं में मायूसी दिख रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी कहे जाने वाले ओएसडी लोकेश शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'जहां पुराने पत्ते नहीं झड़ते... वहां वसंत नहीं आता।'
मतगणना का दिन ड्राई डे घोषित
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के 199 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 33 जिला मुख्यालयों के 36 केन्द्रों पर 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। मतगणना के लिए 1121 एआरओ की ड्यूटी लगाई गई है। जयपुर, जोधपुर एवं नागौर में दो-दो केंद्रों पर और शेष 30 निर्वाचन जिलों में एक-एक केंद्र पर वोटों की गिनती की जाएगी। मतगणना की सभी तैयारियां की जा चुकी हैं। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केन्द्र में सुरक्षा मापदण्डों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गये हैं। मतगणना का दिन ड्राई डे घोषित किया गया है।
मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा
गुप्ता ने बताया कि मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था (Rajasthan Election Result 2023) सुनिश्चित की गई है। केवल अधिकृत पास-धारक व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। मतगणना सेंटर पर प्रत्येक विधानसभा के लिए पृथक-पृथक मतगणना हॉल बनाए गये है, जहां आयोग के निर्देशानुसार टेबलों की व्यवस्था पोस्टल बैलेट एवं ईवीएम की मतगणना के लिए की गई है।
ईवीएम मतगणना के होंगे इतने राउंड
ईवीएम की मतगणना टेबल (Rajasthan Election Result 2023) पर काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेगा। इसी प्रकार, पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाईजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेगा। माइक्रो ऑब्जर्वर केन्द्र सरकार के विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी होंगे। प्रदेश में गणना के लिये 2552 टेबल लगाए गए हैं। ईवीएम मतगणना के लिए कुल 4180 राउंड होंगे। सबसे अधिक 34 राउंड शिव विधानसभा क्षेत्र में और सबसे कम 14 राउंड अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में होंगे।