जोधपुर: राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव (Rajasthan Election) को लेकर बीजेपी एक्टिव मोड में है। पीएम मोदी ने इसी सिलसिले में गुरुवार को जोधपुर में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा। जनसभा शुरू करने से पहले मोदी ने राजस्थान की जनता को करीब पांच हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी।
'भाजपा आएगी, राजस्थान में खुशहाली लाएगी'
मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज जोधपुर और मारवाड़ के लोगों को कईं उपहार एक साथ मिले हैं। एक उपहार की तैयारी तो मैं पहले ही दिल्ली से करके आया हूं। कल ही भाजपा सरकार ने तय किया है कि अब उज्ज्वला की लाभार्थी बहनों को केंद्र सरकार की तरफ से गैस सिलेंडर सिर्फ 600 रुपये में मिलेगा। हम राजस्थान के कोने-कोने में विकास को पहुंचा कर रहेंगे। इसलिए राजस्थान कह रहा है- भाजपा आएगी, राजस्थान में खुशहाली लाएगी।'
पेपर लीक पर क्या बोले पीएम?
पीएम मोदी ने आगे कहा कि चुनाव के समय बेरोजगारी भत्ते का वादा करने वाली कांग्रेस ने यहां के युवाओं को पेपर लीक माफिया के हवाले कर दिया। ऐसे हर पेपर लीक माफिया के खिलाफ भाजपा सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।
अशोक गहलोत पर जमकर साधा निशाना
पीएम ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सीधा हमला भी बोला। मोदी (Rajasthan Election) ने कहा, 'आज मैंने जोधपुर में विकास के अनेक कार्यक्रमों का शिलान्यास किया, लेकिन मुख्यमंत्री गायब थे, क्योंकि उन्हें भरोसा है कि मोदी आएगा तो सब ठीक हो जाएगा। मैं भी उन्हें कहता हूं कि आप विश्राम कीजीए अब हम संभाल लेंगे।'
लाल डायरी का सच सामने लाना है तो बीजेपी की सरकार बनना जरूरी- पीएम
मोदी ने रैली के दौरान चर्चित लाल डायरी का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा कि आप सबने लाल डायरी के बारे में सुना है। लोग कहते हैं कि कांग्रेस के करप्शन की हर काली करतूत इस लाल डायरी में दर्ज हैं। अगर आप चाहते हैं कि इस लाल डायरी का राज सामने आए, तो आपको यहां भाजपा सरकार बनाना जरूरी है।
भ्रष्टाचार, दंगे में राजस्थान टॉप पर
केंद्र की भाजपा सरकार अपनी तरफ से राजस्थान (Rajasthan Election) के विकास के लिए हर कोशिश कर रही है, लेकिन यहां की स्थिति देखकर दुख होता है। पिछले पांच साल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और दंगों के मामले में राजस्थान को टॉप पर पहुंचा दिया है। कांग्रेस ने महिलाओं और दलितों के विरुद्ध अत्याचार के मामले में राजस्थान को नंबर 1 बना दिया है। कांग्रेस ने नशे के कारोबार को कैसे खुली छूट दे रखी है, वो भी राजस्थान का बच्चा-बच्चा जानता है।