देवघर: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सोमवार तड़के तीन बजे से ही पूरा शहर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज रहा है। बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर पहुंचे कांवरियों से देवघर की सड़कें केसरिया रंग में रंग गई हैं। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। सोमवार सुबह मुख्य अरघा से जल चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की लाइन करीब 20 किलोमीटर दूर कुमैठा स्टेडियम तक पहुंच गई। वहीं बाह्य अरघा से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की कतार सरदार पंडा लाइन, शिवगंगा लेन और वीआईपी गेट तक फैली रही।
70-80 हजार श्रद्धालु कतार में
प्रशासन के अनुसार, सुबह के समय मुख्य कतार में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु शामिल थे। लंबी कतार और घंटों के इंतजार के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कांवरिए कंधे पर कांवर और हाथ में गंगाजल लेकर बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
सुबह 3:05 बजे खुले बाबा मंदिर के पट
- बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट सोमवार सुबह 3:05 बजे खोले गए। पट खुलने के बाद पुरोहित समाज की ओर से बाबा की पारंपरिक कच्चा जल पूजा की गई। करीब 15 मिनट तक चली इस पूजा में विश्व कल्याण की कामना की गई।
- इसके बाद मंदिर के महंत सरदार पंडा श्रीश्री गुलाब नंद ओझा ने विधि-विधान से बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा की। इस दौरान बाबा को दूध, दही, घी, मधु समेत विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई।
- विशेष पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 4:10 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू कर दिया गया। अरघा व्यवस्था के जरिए लगातार श्रद्धालुओं ने बाबा को गंगाजल अर्पित किया।
दूसरे सोमवार पर 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
- सावन की दूसरी सोमवारी पर देवघर में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन का अनुमान है कि करीब साढ़े तीन से चार लाख श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सकते हैं।
- मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
14 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे कांवरिया पथ और मंदिर परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। करीब 14 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
- इसके अलावा क्विक रिस्पांस टीम को भी सक्रिय रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
थकान पर भारी आस्था, हर तरफ गूंज रहा ‘बोल बम’
- 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर देवघर पहुंचे कांवरियों के चेहरों पर थकान दिखाई दे रही है, लेकिन बाबा के दर्शन और जलाभिषेक की आस्था उनके उत्साह को बनाए हुए है।
- किसी के कंधे पर कांवर है तो कोई गंगाजल का पात्र लेकर कतार में खड़ा है। घंटों इंतजार के बावजूद श्रद्धालु लगातार ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष कर रहे हैं।
- सावन की दूसरी सोमवारी पर देवघर में आज आस्था, भक्ति और श्रद्धा का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जहां लाखों श्रद्धालुओं की एक ही इच्छा है—बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और उनके ज्योतिर्लिंग पर गंगाजल अर्पित करना।