आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जगदीशपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई।कार सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई और इसके बाद पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कार में सवार थे 9 लोग
सीओ फूलपुर के अनुसार, पंजाब नंबर की कार में कुल 9 लोग सवार थे। सभी युवक फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे।बताया गया कि युवकों ने गणेश प्रतिमा स्थापित की थी और रातभर पंडाल में कार्यक्रम में शामिल रहे। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे पंडाल से लौटते समय जगदीशपुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दो की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में दम तोड़ा
हादसे में सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं, गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) की फूलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।हादसे में छह अन्य युवक घायल हुए हैं।
गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद लौट रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक सभी युवक गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद रातभर पंडाल में मौजूद थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे वे वहां से लौट रहे थे।जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले कार पेड़ से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीओ फूलपुर और फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की।मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और पूरे मामले की छानबीन जारी है।