छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह बड़ा बदलाव है। प्रदेश सरकार ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर सीधी भर्ती की व्यवस्था में संशोधन किया है।
नई व्यवस्था के तहत अलग-अलग विभागों में इन श्रेणियों के पदों पर भर्ती के लिए स्थानीय अभ्यर्थियों को ही मौका देने का प्रावधान किया गया है। इसका सीधा असर दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों पर पड़ेगा।
7 ग्रुप में बांटे गए तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के पद
नई भर्ती व्यवस्था में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों को अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और पद की प्रकृति के आधार पर 7 समूहों में बांटा गया है।
स्नातक-स्नातकोत्तर स्तर
शिक्षा
वर्दीधारी सेवाएं
स्वास्थ्य
हायर सेकेंडरी स्तर
इंजीनियरिंग
चतुर्थ श्रेणी स्तर
इसका मतलब है कि पटवारी से लेकर सब इंजीनियर और आरक्षक से लेकर भृत्य तक अलग-अलग पदों के लिए योग्यता और भर्ती प्रक्रिया अब निर्धारित ढांचे के अनुसार होगी।
पहले होगी कॉमन परीक्षा, फिर विषय आधारित टेस्ट
नई व्यवस्था में भर्ती प्रक्रिया को दो हिस्सों में रखा गया है। पहला हिस्सा कॉमन परीक्षा का होगा, जो संबंधित भर्ती प्रक्रिया में सभी अभ्यर्थियों के लिए जरूरी होगी।वहीं, जिन पदों के लिए किसी विशेष विषय या तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता होगी, उनके लिए दूसरा हिस्सा विषय आधारित परीक्षा का हो सकता है।इस तरह भर्ती में अभ्यर्थियों की सामान्य जानकारी के साथ-साथ संबंधित पद के काम और विषय की समझ भी परखी जाएगी।
सब इंजीनियर बनने के लिए तकनीकी योग्यता जरूरी
इंजीनियरिंग श्रेणी के पदों के लिए संबंधित तकनीकी योग्यता अनिवार्य रखी गई है। सब इंजीनियर पद के लिए संबंधित ब्रांच में कम से कम तीन साल का डिप्लोमा या BE/BTech की योग्यता जरूरी होगी।सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और आईटी जैसी शाखाओं के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित तकनीकी योग्यता पूरी करनी होगी।
इन पदों के लिए ग्रेजुएशन अनिवार्य
नई व्यवस्था में कई पदों के लिए स्नातक की डिग्री को जरूरी किया गया है। इनमें श्रम निरीक्षक, सहकारिता, खाद्य निरीक्षक और ADO जैसे पद शामिल हैं।वहीं राजस्व निरीक्षक के पद के लिए स्नातक या 12वीं के साथ सिविल इंजीनियरिंग सर्वे का डिप्लोमा आवश्यक होगा।इससे संबंधित पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार ही भर्ती समूह का चयन करना होगा।
Assistant Grade-3 और DEO के लिए भी खास योग्यता
सहायक ग्रेड-3 और डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के पदों के लिए भी नई व्यवस्था में विशेष योग्यता निर्धारित की गई है।
इन पदों के लिए अभ्यर्थी के पास:
ग्रेजुएशन की डिग्री
एक साल का कंप्यूटर डिप्लोमा
निर्धारित टाइपिंग टेस्ट पास करने की योग्यता
होना जरूरी होगा।
स्थानीय युवाओं के लिए क्यों अहम है बदलाव?
सरकार के इस बदलाव का सबसे बड़ा असर प्रदेश के स्थानीय नौकरी उम्मीदवारों पर पड़ सकता है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों के लिए अवसर सीमित होने से छत्तीसगढ़ के स्थानीय युवाओं के लिए सरकारी भर्ती में प्रतिस्पर्धा का स्वरूप बदल सकता है।साथ ही, अलग-अलग पदों को योग्यता के आधार पर समूहों में बांटने से भर्ती प्रक्रिया को पद की शैक्षणिक और तकनीकी जरूरतों के अनुरूप संचालित करने का प्रयास किया गया है।