बहराइच: उत्तरप्रदेश के बहराइच में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फखरपुर क्षेत्र के खालिदपुर गांव में आयोजित दादा मियां के उर्स मेले में शो के लिए बनाए गए पानी से भरे टैंक का शीशा अचानक टूट गया। टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा हुआ था। शीशा टूटने से पानी और कांच के टुकड़े दर्शकों की तरफ जा गिरे, जिससे चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जलपरी शो के दौरान अचानक टूटा टैंक का शीशा
यह हादसा फखरपुर के खालिदपुर गांव में दादा मियां के उर्स मेले के दौरान हुआ। यहां लोगों के मनोरंजन के लिए जलपरी शो आयोजित किया जा रहा था।शो देखने के लिए करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे। दर्शक टैंक के बाहर लगे शीशे से अंदर जलपरी का करतब देख रहे थे। इसी दौरान अचानक टैंक का शीशा तेज आवाज के साथ टूट गया।शीशा टूटते ही हजारों लीटर पानी और कांच के टुकड़े बाहर की तरफ फैल गए। टैंक के सामने खड़े कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
चार बच्चों समेत 15 लोग घायल
इस हादसे में कुल 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं। बच्चों के सिर और चेहरे पर कांच लगने से चोटें आई हैं। जलपरी का किरदार निभा रही युवती भी घायल हुई है।घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), फखरपुर पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
50 रुपये का टिकट लेकर शो देखने पहुंचे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ उर्स मेले में पहुंचे थे। उन्होंने 50 रुपये का टिकट लेकर जलपरी शो देखा था। शो के दौरान अचानक तेज आवाज हुई और टैंक का शीशा टूट गया। इसके बाद पानी और कांच के टुकड़े दर्शकों की तरफ फैल गए। घटना के बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के बाद शो के आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार हो गए।
20 हजार लीटर पानी से भरा था टैंक
बताया गया कि जलपरी शो के लिए बनाए गए टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा हुआ था। दर्शक टैंक के बाहर लगे शीशे के जरिए अंदर चल रही प्रस्तुति देखते थे।अचानक शीशा टूटने से टैंक का पानी बाहर निकल गया और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
आयोजक के खिलाफ FIR, पुलिस ने शुरू की तलाश
एएसपी ने बताया कि जलपरी शो के दौरान टैंक का शीशा टूटने से 15 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।उन्होंने बताया कि घटना के बाद आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टैंक का शीशा किन कारणों से टूटा और शो के आयोजन के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।