लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में दोबारा वापसी कराते हुए उन्हें एक बार फिर राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वीनर) की जिम्मेदारी सौंपी है। मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए यह जानकारी साझा की।
यह फैसला आकाश आनंद की ओर से हाल ही में मायावती से दोबारा पार्टी के लिए काम करने का अवसर मांगे जाने के कुछ दिन बाद आया है। आकाश आनंद ने अपने संदेश में मायावती को अपना राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए BSP के साथ काम करने की इच्छा जताई थी।
पार्टी हित में दोबारा मौका देने का फैसला
मायावती ने कहा कि पार्टी ने काफी विचार-विमर्श के बाद पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित में आकाश आनंद को फिर से संगठन में काम करने का अवसर देने का फैसला किया है।
उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के संघर्ष, त्याग और आदर्शों को बहुजन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। मायावती के मुताबिक, पार्टी और बहुजन समाज का हित उनके लिए सर्वोपरि है और संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए समय-समय पर जरूरी फैसले लिए गए हैं।
आकाश के व्यवहार और कार्यशैली में बदलाव का जिक्र
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का पार्टी में व्यक्तित्व काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ परिस्थितियों के चलते संगठन में आवश्यक बदलाव करने पड़े थे।उन्होंने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने का भी उल्लेख किया। मायावती ने कहा कि इसके बाद आकाश के व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब पार्टी का काम सुचारू रूप से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बदला घटनाक्रम
आकाश आनंद ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मायावती से दोबारा पार्टी में काम करने का अवसर मांगा था। उन्होंने मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए BSP के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी।
आकाश ने यह भी कहा था कि वह मायावती के नेतृत्व में पार्टी और उसके मिशन के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने BSP को अपने लिए सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि परिवार बताया था।
ईशान आनंद और आनंद कुमार की सहमति का भी उल्लेख
मायावती ने बताया कि पार्टी के अधिकांश लोगों ने आकाश आनंद को उनकी पहले वाली जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का अवसर देने के पक्ष में अपनी सहमति जताई।
उन्होंने आकाश के पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद की सहमति का भी उल्लेख किया। मायावती ने कहा कि ईशान आनंद ने बिना किसी पद के भी पार्टी में उनके निर्देशन में जिम्मेदारी मिलने पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की इच्छा जताई है।
सितंबर में आकाश से वापस ली गई थीं जिम्मेदारियां
गौरतलब है कि सितंबर में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से अलग कर दिया था। इसके बाद ईशान आनंद को BSP का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया था।
अब मायावती ने आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त कर दिया है।