अमेठी/लखनऊ: उत्तरप्रदेश की राजनीति में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भाजपा में शामिल हो गए। अमेठी में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में तीनों विधायकों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और स्मृति ईरानी मौजूद रहीं। भाजपा में शामिल होने के बाद नेताओं ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
तीनों विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ली
समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया। अमेठी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीनों विधायकों ने भाजपा के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधा।स्मृति ईरानी ने अमेठी का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक परिवार अपने दम पर अमेठी में चुनाव नहीं लड़ सकता तो वह देश का नेतृत्व कैसे कर सकता है। उन्होंने अपने संबोधन में कांग्रेस की लगातार चुनावी हार का भी उल्लेख किया।
पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर बोला हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व को सत्ता के लिए इस तरह की राजनीति नहीं करनी चाहिए।पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने पहले अपने पिता और चाचा का अपमान किया और अब उत्तर प्रदेश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश के युवाओं के साथ मारपीट से संबंधित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इसका जवाब देगी।
अभय सिंह ने बताया क्यों छोड़ी समाजवादी पार्टी
भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक अभय सिंह ने अपने फैसले की वजह बताते हुए रामचरितमानस विवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस जलाए जाने की घटना पर समाजवादी पार्टी की ओर से विरोध नहीं किए जाने से उनका मन आहत हुआ था। इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
राकेश प्रताप सिंह बोले- भाजपा का विधायक बनाने आया हूं
भाजपा में शामिल होने के बाद राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि वह भाजपा में केवल विधायक बनने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि भाजपा का विधायक बनाने के लिए आए हैं।