लखनऊ: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ संभावित गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस के भीतर मंथन शुरू हो गया है। इसी कड़ी में प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश के पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रही हैं। बैठक में कांग्रेस की मजबूत सीटों, चुनावी रणनीति और संगठन की स्थिति पर चर्चा हो रही है।
बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद समेत अन्य नेता शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी सर्वे टीम के साथ भी चर्चा कर रही हैं, ताकि उन सीटों की पहचान की जा सके जहां कांग्रेस की जीतने की संभावनाएं बेहतर मानी जा रही हैं।
सपा से सीटों के बंटवारे पर जल्द हो सकती है चर्चा
कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने अक्टूबर में ही सीटों के बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करने की इच्छा जताई है। उन्होंने गठबंधन में कांग्रेस को सम्मानजनक हिस्सेदारी देने की बात कही है।
सीटों की संख्या को लेकर कांग्रेस नेताओं के अलग-अलग बयान भी सामने आए हैं। राजेंद्र पाल गौतम ने 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है, जबकि पार्टी की ओर से इससे पहले कम से कम 150 सीटों पर लड़ने की मांग भी रखी गई थी। हालांकि, सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से अंतिम सीट बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
कांग्रेस अपनी मजबूत सीटों का आंकलन करने में जुटी
कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठन को मजबूत करने और संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने पर काम कर रही है। पार्टी की अंदरूनी सर्वे प्रक्रिया का उद्देश्य उन विधानसभा क्षेत्रों का आंकलन करना है, जहां कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत मानती है।2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस प्रदर्शन के बाद पार्टी विधानसभा चुनाव में भी अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।