अल्मोड़ा : हवालबाग ब्लॉक के वडूय्या गांव में मंगलवार तड़के लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी। बारिश के कारण एक मकान में मलबा घुस गया, जिससे मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर के अंदर सो रहे एक महिला समेत तीन लोग मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने किया सहयोग
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ राजस्व और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने भी बचाव दल का सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों के शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी 19 वर्षीय कल्पना आर्य और 18 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त तीनों घर के अंदर सो रहे थे। अचानक मलबा आने और मकान के ढहने से उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
अधिकारियों ने लिया जायजा
हादसे की सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया। आपदा अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में संवेदनशील और खतरे की जद में आने वाले भवनों को चिह्नित किया जा रहा है।