देहरादून: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मंत्री सुबोध उनियाल का एक और बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने साफ कहा कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। एक कार्यक्रम के दौरान मंच से दिए गए उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुबोध उनियाल बोले- माफी नहीं मांगूंगा
दलेर मेहंदी विवाद के बीच मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे। वायरल वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।उनके इस बयान के बाद दलेर मेहंदी विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इससे पहले भी मंत्री अपने बयान को लेकर सुर्खियों में रहे थे।
दलेर मेहंदी को लेकर क्या बोले थे मंत्री?
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी, जब सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर सवाल उठाए थे। मंत्री ने कहा था कि उन्हें लगा कि दलेर मेहंदी नशे में हैं, हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि किस चीज का नशा है।उन्होंने कहा था कि इतने बड़े कलाकार का मेडिकल परीक्षण नहीं करा सकते। बाद में उन्हें बताया गया कि गायक की तबीयत खराब थी। अगर उनकी तबीयत ठीक नहीं थी तो उन्हें कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था।
35 लाख रुपये फीस और होटल व्यवस्था का भी किया जिक्र
मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने बयान में दलेर मेहंदी को कार्यक्रम में बुलाने के लिए दी गई फीस का भी जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि कार्यक्रम में आने के लिए 35 लाख रुपये लिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था भी की गई थी।उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका मकसद संगीत या किसी कलाकार को बदनाम करना नहीं था। लेकिन जब कलाकार करीब 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं दे पाए तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने उन्हें टोका।
क्या था दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल का पूरा मामला?
यह पूरा विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या से जुड़ा है। कार्यक्रम में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए और मंच पर पहुंचकर उन्हें टोक दिया।मंत्री ने कहा था कि उन्हें इसलिए बुलाया गया है ताकि लोग मनोरंजन कर सकें। उन्होंने दलेर मेहंदी से कहा कि बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए और जब ठीक से बोला भी नहीं जा रहा है तो गाना कैसे गाएंगे।इस पर दलेर मेहंदी ने मंत्री से अनुरोध किया था कि वह पंडाल में बैठ जाएं और उन्हें अपनी प्रस्तुति जारी रखने दें।
मीका सिंह और कपिल शर्मा समेत कई कलाकारों ने जताया था विरोध
मंत्री के बयान के बाद बॉलीवुड और संगीत जगत से भी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। गायक मीका सिंह, कपिल शर्मा और अन्य लोगों ने इस विवाद पर विरोध जताया था।मामले के बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप किया था। उन्होंने फोन पर गायक मीका सिंह से बातचीत कर दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर चर्चा की थी।
सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से भी की थी बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में दूर किया जाना चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दलेर मेहंदी से भी बातचीत की थी।हालांकि अब मंत्री सुबोध उनियाल के नए बयान ने इस विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। उनके इस्तीफा देने और माफी नहीं मांगने वाले बयान को लेकर राजनीतिक और मनोरंजन जगत में चर्चा तेज हो गई है।