लखनऊ - उत्तर प्रदेश में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हजारों महिलाओं के साथ एक विशाल जनआक्रोश रैली का आयोजन किया। यह रैली विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रित रही और इसमें राज्य के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
जन आक्रोश रैली में हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरी
इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। रैली के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं, जिससे आयोजन को व्यापक जनसमर्थन का प्रदर्शन माना गया। रैली के मंच से नेताओं ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दलों पर तीखे हमले किए। नेताओं ने विपक्ष पर महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी नीतियां महिलाओं के हितों के खिलाफ हैं।
सीएम योगी का बड़ा बयान...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और पूरे आयोजन पर प्रशासन की नजर बनी रही। यह रैली आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की गई है।
केंद्र और राज्य सरकार ने हमेशा महिलाओं को आगे रखा
वहीं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी नेता अपर्णा यादव ने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार ने हमेशा महिलाओं को आगे रखा है।इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, आज की जन आक्रोश रैली इसी बात का प्रतीक है कि सभी महिलाओं में बहुत गुस्सा है और वो बहुत आक्रोशित हैं कि नारी शक्तिवंदन अधिनियम पास नहीं हुआ...पूरे विपक्ष को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
कांग्रेस, सपा ने महिलाओं के साथ अन्याय किया
जन आक्रोश रैली में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि, लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति कांग्रेस, सपा और सभी विपक्षी दलों का जो रवैया था पूरे देश की महिलाओं में उसको लेकर काफी आक्रोश है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आगे विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस, सपा के लोगों ने जो महिलाओं के साथ अन्याय किया है, उन्हें उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
महिलाएं आक्रोशित होकर सड़कों पर निकली हैं
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि, प्रदेश की महिलाएं आक्रोशित होकर सड़कों पर निकली हैं ये महिलाओं का आक्रोश कोई साधारण आक्रोश नहीं है हम सब जानते हैं कि जब शक्ति आक्रोशित होती हैं चाहे मां दुर्गा के रूप में, चाहे मां काली के रूप में और आज ये महिला शक्ति जब सड़कों पर अपना आक्रोश प्रकट कर रही है तो कांग्रेस और सपा के लिए चेतावनी नहीं है बल्कि उनके सफाए की आखिरी घंटी बच गई है।
हम कांग्रेस-सपा का पूरी तरह से सफाया करेंगे
बीजेपी नेता पाठक ने आगे कहा कि, महिलाओं ने जता दिया है कि वो अपना हक लेकर रहेगी पीएम मोदी ने जैसे कहा था कि वो महिलाओं का हक दिलाकर रहेंगे। प्रदेश और देश की आधी आबादी आक्रोश के माध्यम से ये तय कर चुकी है कि आने वाले चुनाव में हम कांग्रेस और सपा का पूरी तरह से सफाया करेंगे।