उत्तराखंड - उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के शुभारंभ के साथ ही पूरे तीर्थ क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बदरीनाथ धाम में 23 अप्रैल को खुलेंगे कपाट
बदरीनाथ धाम में 23 अप्रैल को कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इससे पहले चमोली पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू कर दी है। प्रमुख प्रवेश मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें गठित की हैं
प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। हाल ही में यमुनोत्री मार्ग पर हुई दो श्रद्धालुओं की मौत की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। केदारनाथ धाम के कपाट भी जल्द खोले जाएंगे, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है
वहीं, पूरे चारधाम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित व सुचारू बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।