केदारनाथ - केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और धार्मिक वातावरण की पवित्रता को बनाए रखने के उद्देश्य से मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती के अनुसार यह निर्णय धाम की गरिमा, शांति और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा कोई
नए नियमों के अनुसार अब कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही परिसर के अंदर फोटो, वीडियो और रील्स बनाने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि इस नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल से श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित होती है
धार्मिक स्थल पर लगातार बढ़ती सोशल मीडिया गतिविधियों और भीड़ के दौरान होने वाली अव्यवस्थाओं को देखते हुए यह कदम अहम माना जा रहा है। समिति का मानना है कि कई बार मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से न केवल श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित होती है, बल्कि सुरक्षा और व्यवस्था पर भी असर पड़ता है।
नियम को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी
स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति मिलकर इस नियम को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी में हैं। प्रवेश द्वारों पर श्रद्धालुओं की जांच की जाएगी और मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था भी की जा सकती है। इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु बिना किसी ध्यान भटकाव के शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान केदारनाथ के दर्शन कर सकें और धाम की आध्यात्मिक गरिमा बनी रहे।