उत्तराखंड में राजनीतिक गलियारों में भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर सामने आया है। भाजपा ने हाल ही में हुई राहुल गांधी और मोहम्मद दीपक की मुलाकात को लेकर कांग्रेस पर कटाक्ष किया है और इसे प्रदेश में तुष्टिकरण बढ़ाने की कोशिश बताया है।
डेमोग्राफी के लिए प्रवृत्ति खतरनाक
भाजपा के वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जो दीपक से मोहम्मद दीपक बन जाएगा वह कांग्रेस के लिए पूज्यनीय है। उनका यह भी कहना था कि प्रदेश की जनता ऐसी प्रवृत्तियों और इसे बढ़ावा देने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। चमोली ने आगे कहा कि देवभूमि की डेमोग्राफी और शांति व्यवस्था के लिए यह प्रवृत्ति खतरनाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन राहुल गांधी को मिलने के लिए कांग्रेस के बड़े नेता सालों तक इंतजार करते हैं और कुछ नेता तो पार्टी छोड़ देते हैं ऐसे में केवल अल्पकाल के चर्चा के बाद मोहम्मद दीपक से उनकी मुलाकात और इसे बढ़ा-चढ़ा कर पेश करना प्रदेश में तुष्टिकरण को बढ़ावा देने वाला कदम है। उनका संदेश स्पष्ट है कि जो दीपक से मोहम्मद बनेगा वही कांग्रेस के लिए हीरो बन जाएगा।
विनोद चमोली ने यह भी आरोप लगाया कि पहले से ही प्रदेश में लोकतंत्र का स्वरूप बदल रहा है और दिल्ली में बैठे कांग्रेस नेताओं की कोटद्वार प्रकरण पर गैरजरूरी टिप्पणियां और सक्रियता यह संकेत देती हैं कि कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में लोकतंत्र को बिगाड़ने के प्रयास में लगी है। भाजपा के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है और कांग्रेस के जवाब का इंतजार किया जा रहा है। इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में तुष्टिकरण और लोकतंत्र के मुद्दों पर बहस और तेज होने की संभावना है।
Comments (0)