जनपद उत्तरकाशी मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बढ़ती रसोई गैस कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली गैस सिलेंडर लेकर नगर क्षेत्र में विरोध मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गृहिणियों पर आर्थिक बोझ
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही रसोई गैस की कीमतों से आम जनता विशेषकर गृहिणियों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना था कि महंगाई के इस दौर में केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना एक जनविरोधी निर्णय है जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का बजट बिगड़ता जा रहा है और सरकार आम जनता को राहत देने में असफल साबित हो रही है। उन्होंने सरकार से रसोई गैस की कीमतों को तुरंत कम करने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए मोदी सरकार का पुतला दहन किया और गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
Comments (0)