उत्तराखंड सरकार हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ के भव्य और ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों में जुट गई है। इस दिशा में राज्य सरकार ने कमर कस ली है और केंद्र सरकार भी कुंभ आयोजन के लिए पूरी तरह सहयोग कर रही है। केंद्रीय सरकार ने कुंभ की तैयारियों को लेकर राज्य को 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है जिससे घाटों के सौंदर्यीकरण विस्तार और अन्य विकास कार्यों में रफ्तार आएगी।
धनराशि से होंगे प्रभावी कार्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से कुंभ के सभी विकास कार्य समय पर और प्रभावी तरीके से पूरे किए जा सकेंगे। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने भी इस अवसर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के विकास और कुंभ की तैयारियों के लिए लगातार दिल्ली के दौरे करते रहते हैं। जब भी मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं वे उत्तराखंड के लिए कुछ न कुछ नई सौगात लेकर लौटते हैं।
केंद्र की इस वित्तीय सहायता से घाटों के विस्तार और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जिससे 2027 का कुंभ महोत्सव न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन के लिहाज से भी ऐतिहासिक बन सके। राज्य प्रशासन ने इस विशाल आयोजन की तैयारियों को लेकर योजना बनाई है और सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रकार हरिद्वार कुंभ 2027 न केवल धार्मिक श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा आयोजन होगा बल्कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और केंद्र-राज्य सहयोग की एक मजबूत मिसाल भी पेश करेगा।
Comments (0)