धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक विष्णु घाट चौराहा में देर रात भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित तीन खाने-पीने की दुकानों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर से दो फायर यूनिट तत्काल मौके पर रवाना की गईं।
धमाके की आवाज से दहशत
घटनास्थल पर पहुंची दमकल टीम ने पाया कि चौराहे पर स्थित तीनों दुकानों में आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की लपटों के बीच एक गैस सिलिंडर में विस्फोट हो चुका था जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। धमाके की आवाज से आसपास के होटल और मकानों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलिंडर फटने के बाद आग तेजी से फैलते हुए सामने स्थित दो होटलों—होटल हरि निवास और राज होटल—की दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। उस समय होटलों में कई यात्री ठहरे हुए थे।
दमकल कर्मियों और स्थानीय पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले होटलों में ठहरे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लेने से जनहानि टल गई। हालांकि आग की वजह से दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दमकल कर्मियों ने आग के बीच साहसिक कार्रवाई करते हुए दुकानों में रखे चार गैस सिलिंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। यदि ये सिलिंडर भी आग की चपेट में आकर फट जाते तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। फायर टीम ने दो मोटर फायर इंजन (MFE) की मदद से लगातार पंपिंग कर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्णतः काबू पाया। उनकी तत्परता से आग को आसपास की अन्य दुकानों और होटलों में फैलने से रोक लिया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव को संभावित कारणों में माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
Comments (0)