उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को लेकर फैल रही अफवाहों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य और देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और घबराकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी करना पूरी तरह अनावश्यक है।
अब कुछ लोग 5-6 दिन में ही नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में यह देखने को मिल रहा है कि लोग अफवाहों के चलते सामान्य से कहीं अधिक मात्रा में ईंधन और गैस सिलेंडर खरीद रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जहां पहले एक घरेलू गैस सिलेंडर पूरे महीने चलता था, वहीं अब कुछ लोग 5-6 दिन में ही नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे गैर-जरूरी और स्थिति को और बिगाड़ने वाला व्यवहार बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की आम जनता से अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने लोगों को सलाह दी कि वे लंबी कतारों में लगने से बचें और एलपीजी सिलेंडर के लिए होम डिलीवरी सेवाओं का उपयोग करें। इससे न केवल भीड़ कम होगी, बल्कि व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।
कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अफवाह फैला रहे
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में जनता को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास नहीं करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध अगर लंबा खिंचता है, तो इसका असर वैश्विक स्तर पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में सभी को मानसिक रूप से तैयार रहने की जरूरत है, लेकिन घबराने की नहीं।
सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है
अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से संयम बनाए रखने, जिम्मेदारी से व्यवहार करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।