मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में गैस सिलेंडर को लेकर लग रही लंबी लाइनों और किल्लत की खबरों के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है।
जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने की सलाह दी गई है। उन्होंने अपील की कि केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल और गैस की खरीदारी करें।
लोग अनावश्यक रूप से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं
सीएम योगी ने कहा कि हाल के दिनों में यह देखा जा रहा है कि लोग अनावश्यक रूप से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जहां पहले एक गैस सिलेंडर पूरे महीने चलता था, वहीं अब कुछ लोग कुछ ही दिनों में नया सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जो स्थिति को और बिगाड़ सकता है।
गैस एजेंसियां घर-घर सिलेंडर पहुंचाएगी
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि गैस एजेंसियां पहले की तरह ही घर-घर सिलेंडर पहुंचाने का काम जारी रखेंगी। उन्होंने लोगों से लंबी लाइनों में लगने के बजाय होम डिलीवरी सुविधा का उपयोग करने की सलाह दी, ताकि भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
अफवाहों से दूर रहे - सीएम
अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध यदि लंबा खिंचता है, तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है, लेकिन घबराकर कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है। अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से दूर रहकर ही स्थिति को सामान्य बनाए रखा जा सकता है।