रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की किल्लत और मारामारी की खबरों के बीच खाद्य आपूर्ति विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
गैस सिलेंडरों की बिक्री
इसी क्रम में विभाग को सूचना मिली कि मंगलौर के लंढोरा रोड पर आबादी से दूर एक ट्रक के माध्यम से गैस सिलेंडरों की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी आरओ मदन सिंह रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि सड़क किनारे खुले में गैस सिलेंडरों की बिक्री की जा रही थी जो नियमों के विरुद्ध है।
अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर चल रही बिक्री को बंद करा दिया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि गैस सिलेंडरों की डिलीवरी केवल अधिकृत गैस एजेंसी के माध्यम से या सीधे उपभोक्ताओं के घरों तक ही की जानी चाहिए। सड़क किनारे इस तरह खुले में सिलेंडरों की बिक्री और वितरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक हो सकती हैं। इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या घबराहट में आकर अवैध रूप से सिलेंडर खरीदने से बचें। सभी उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से या अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर नियमित रूप से बुकिंग करें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सभी को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
विभाग की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि कालाबाजारी और नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Comments (0)