2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने भी अपनी संगठनात्मक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी की ओर से डोईवाला के प्रेमनगर क्षेत्र में सदस्यता ग्रहण अभियान एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल सदस्यता तक सीमित नहीं है बल्कि 2027 के चुनावों से पहले बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
इस अवसर पर यूकेडी के प्रदेश अध्यक्ष कुकरेती वरिष्ठ नेता संजय चौधरी नगर अध्यक्ष डोईवाला शैलेंद्र गुसाईं तथा जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ पवन बिजल्वाण सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पवन बिजल्वाण ने किया। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में यूकेडी की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका रही है जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।
पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में क्षेत्रीय दल की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य की बागडोर फिर से क्षेत्रीय सोच रखने वाली पार्टी के हाथों में सौंपी जाए ताकि उत्तराखंड के मूल मुद्दों—रोजगार पलायन शिक्षा और स्वास्थ्य—पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।
सम्मेलन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं के पार्टी से जुड़ने को यूकेडी ने जनसमर्थन बढ़ने का संकेत बताया। नेताओं ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यूकेडी मजबूती से उभरेगी और प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी।
Comments (0)