मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि निमाड़ अंचल के विद्यार्थियों को अब इंदौर और उज्जैन विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए नहीं जाना होगा। क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन में अन्य विषयों के साथ ही आने वाले समय में कृषि विज्ञान की शिक्षा भी प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर तक आने जाने के लिए बस की व्यवस्था भी की जाएगी। 'मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज खरगोन में टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना का डिजिटल लॉन्च भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 557 करोड़ रुपए लागत की सिंचाई योजनाओं का उद्घाटन भी किया।
विकास के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निमाड़ की धरती वीरों की धरती है। यहां बाजीराव पेशवा ने प्राण त्यागे थे। वर्ष 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में वीर टंट्या भील ने अंग्रेजों से लोहा लिया था। उनके प्रति मध्यप्रदेश सरकार ने आदर व्यक्त करते हुए खरगोन के नए विश्वविद्यालय का नाम क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय रखा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति लागू की। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने इस नीति के अच्छे क्रियान्वयन की उपलब्धि अर्जित की। खरगोन और गुना के नए विश्वविद्यालयों में सभी विषयों की शिक्षा की व्यवस्था रहेगी। पाठ्यक्रमों में कृषि विज्ञान भी भविष्य में जोड़ा जाएगा।
विकास के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। PM के नेतृत्व में आज खरगोन और गुना में शुरू हुए विश्वविद्यालयों में 2 साल की समय सीमा के भीतर सभी प्रकार के कोर्स शुरू किए जाएंगे, हमने संकल्प लिया है कि विकास के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
विश्वविद्यालयों के शुभारंभ कार्यक्रम, सिंचाई परियोजनाओं के उद्घाटन और हितग्राहियों को हितलाभ कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि निमाड़ की पावन धरती पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत है। मध्यप्रदेश तेजी से विकास की तरफ बढ़ रहा है। कार्यक्रम में सांसद श्री गजेंद्र पटेल, राज्य सभा सदस्य श्री सुमेर सिंह सोलंकी, विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार, श्री सचिन बिरला, श्रीमती मंजू राजेन्द्र दादू, श्रीमती छाया, श्री राजकुमार मेव और जन प्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को तीरकमान भेंटकर, जैकेट पहना कर तथा बड़ी पुष्पमाला से स्वागत किया गया।
Comments (0)