मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। प्रदेश में ठंडी हवाओं से सिहरन बढ़ने लगी है। घने कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं मौसम विभाग ने पूर्वी जिलों में 2 से 4 जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना जताई है। नए साल के पहले सप्ताह में प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कई शहरों का न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक पहुंच गया है। राजधानी में सीजन का सबसे घना कोहरा छाया है। जिसकी वजह से विजिबिलिटी कम हुई है। भोपाल की विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब पहुंच गई है।
यातायात बुरी तरह प्रभावित
प्रदेश में कोहरे के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसका असर रेल और हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। 20 से ज्यादा ट्रेन करीब 5 से 10 घंटे देरी से चल रही है। भोपाल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कम होने के कारण फ्लाइट लेट चल रही है। राजा भोज एयरपोर्ट पर फ्लाइट 1 से 2 घंटे डिले है। दिल्ली से भोपाल आने वाली फ्लाइट एयर इंडिया 2 घंटे 5 मिनट लेट, दिल्ली से भोपाल आने वाली इंडिगो फ्लाइट 1 घंटे 5 मिनट लेट चल रही है।
MP में अलर्ट जारी
आज ग्वालियर, दतिया, सतना, छतरपुर जिलों में तीव्र शीतल दिन रहने की संभावना है। इसके अलावा चंबल संभाग की जिलों और शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी, पन्ना में भी ठंड का अलर्ट जारी किया गया है। रीवा संभाग के जिलों और विदिशा, रायसेन, भोपाल, ग्वालियर, सागर, मंदसौर में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। आज कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।
न्यूनतम तापमान
सोमवार को प्रदेश के 5 कम न्यूनतम तापमान शहडोल जिले के कल्याणपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा खजुराहो के छतरपुर में 9 डिग्री, सीधी में 9.02 डिग्री, रीवा में 9.4 डिग्री और दतिया में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। अगर सबसे कम अधिकतम तापमान की बात करें तो दतिया में 13.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच रिकॉर्ड हुआ. वहीं, ग्वालियर 13.8 डिग्री, खजुराहो 14.6 डिग्री, निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
Comments (0)