एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता इमरती देवी को लिए किए अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सूबे की सियासत का बाजार काफी गर्म हो गया है। इसको लेकर सत्ताधारी पार्टी भाजपा नेताओं द्वारा लगातार जीतू पटवारी की निंदा की जा रही है।
जीतू पटवारी का विवादित बयान...
आपको बता दें कि, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने बीजेपी नेत्री इमारती देवी पर तंज कसते हुए कहा था कि, अब इमरती जी का रस खत्म हो गया है, जो उसमें चासनी होती है वह भी खत्म हो गई है। अब पटवारी के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने आज इस मामले पर अशोकनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है। जिसमें भाजपा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी से मांग की है कि, वह प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से इस्तीफा लें।
जीतू पटवारी क्या अपनी मां बहनों को इसी नजर से देखते हैं?
वहीं भाजपा नेता कृष्णा गौर ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के इस बयान को लेकर पूरे कांग्रेस पर निशाना साधा है। कृष्णा गौर ने कहा कि, इमरती देवी पर दिया गया बयान संपूर्ण महिलाओं के खिलाफ है। सभी दलित महिलाओं का अपमान है। इसके साथ ही बीजेपी नेत्री ने कहा कि, जीतू पटवारी क्या अपनी मां बहनों को इसी नजर से देखते हैं। कांग्रेस क्या अपनी पार्टी की महिलाओं को भी इसी नजर से देखती है। क्या वहां भी रस और चाशनी ढूंढी जाती है। कांग्रेस पार्टी की नीच मानसिकता है।
कृष्णा गौर बोलीं - महिला विरोधी है कांग्रेस की मानसिकता
बीजेपी नेत्री कृष्णा गौर ने अपने बयान में आगे कहा कि, जीतू पटवारी ने साबित कर दिया कि, कांग्रेस की मानसिकता महिला विरोधी है। उन्होंने आगे कहा कि, इस देश का दुर्भाग्य है कि, इस देश में कांग्रेस है। कांग्रेस ने बार-बार देश में महिलाओं को अपमानित करने का काम किया है। ऐसे एक नहीं कई उदाहरण हैं। दौर ने आगे यह भी कहा कि, कुछ दिन पहले रणदीप सुरजेवाला ने हेमा मालिनी के लिए गिरगिट शब्द का उपयोग किया था। राहुल गांधी ने कहा था संघ की शाखा में महिलाएं शॉर्ट्स पहने हुए नहीं दिखती हैं। कांग्रेस में महिलाओं को टंच माल कहा जाता है, ये सभी बातें बताती हैं कि कांग्रेस में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
Comments (0)