राजधानी में मौसम शुष्क होने लगा है, लेकिन फिलहाल तापमान में गिरावट नहीं आ रही है। इन दिनों न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण रात में सर्दी का अहसास कम हुआ है। इस समय न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। अभी दो दिन तापमान इसी तरह रहने की उम्मीद है।
हल्की धुंध, तापमान में मामूली उतार चढ़ाव
मौसम विज्ञानी ने बताया कि अगले तीन चार दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 16 से एक पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, लेकिन उसका बहुत ज्यादा असर रहने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में अगले दो दिन अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री और न्यूनतम 13 से 15 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान जारी करते हुए रीवा, मऊगंज, सतना, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया हैं।
पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ‘गर्मी’, कोहरा गायब
इंदौर में सर्दी के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ ने खलल डालकर गर्मी का अहसास करा दिया है। एक सप्ताह से छाए बादल शनिवार को छटे गए, जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं कोहरा भी नहीं रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 16 जनवरी से एक ओर पश्चिमी विक्षोभ का असर मप्र में नजर आएगा। ऐसे में बादल छाने से तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
शनिवार को दिन का तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को 27.8 डिग्री था, वहीं रात का तापमान 15.1 डिग्री से बढ़कर 16.2 डिग्री पर पहुंच गया। 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.8 डिग्री और रात के तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हवा की गति 6 किलोमीटर प्रति घंटे रही। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ इरान-अफगानिस्तान की तरफ सक्रिय है। इसके कारण हवा की दिशा भी बदल रही है। देश में राजस्थान के पास भी प्रति चक्रवात बन रहा है। ऐसे में 16 जनवरी के बाद इसका असर इंदौर में नजर आएगा। इस दौरान रात के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Comments (0)