मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की कार्यकारी समिति की बैठक गुरुवार को आयोजित हुई। इसमें मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में भव्य ड्रोन शो आयोजित करने की बात कहीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी 1 नवंबर को मध्यप्रदेश के 69वें स्थापना दिवस के अवसर पर भोपाल में "विरासत से विकास" थीम पर भव्य ड्रोन लाइट शो आयोजित करने करने की बात कही।
इसरो के समान शोध केंद्र स्थापित करने के लिए की जाए पहल
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश में इसरो के समान शोध केंद्र स्थापित करने की दिशा में पहल करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इससे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रदेश की संभावनाओं के नए द्वार खुलेंगे। इसके अलावा, नीमच में मध्यप्रदेश बायो-टेक्नॉलोजी पार्क की स्थापना और उज्जैन में साइंस सिटी के इन्क्यूवेशन सेंटर की योजना पर भी चर्चा की गई।
डिजिटल एटलस से मिलेगी प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी
प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों पर केंद्रित डिजिटल एटलस विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के कारीगरों को देश के ख्याति प्राप्त विशेष विशेषज्ञों से संवाद और उनके द्वारा विकसित उन्नत तकनीकों के माध्यम से कारीगरों के कौशल उन्नयन के लिए प्रदेश में कारीगर विज्ञान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उज्जैन और जबलपुर में 15 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। उज्जैन के डोंगला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अंतरिक्ष अनुसंधार केन्द्र की स्थापना, कालगणना केन्द्रअ के रूप में उज्जैन को प्रतिस्थापित करने तथा साइंटिस्ट मेमोरियल की स्थापना की भी योजना है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों तक विज्ञान को प्रायोगिक रूप से दिखाने के उद्देश्य से सांइस ऑन व्हील योजना संचालित की जाएगी।
Comments (0)